नवरात्र में महिलाओं ने धरा चंडी का रूप, पिटे अवैध शराब कारोबारी
नोनिया बस्ती में सावित्री के घर से छह लीटर, न्यू इस्ट भौंरा मोना के घर से चार लीटर, मुंडा बस्ती प्रताप के घर से 25 लीटर अवैध महुआ शराब निकाला। शराब को सड़क पर बहाकर नष्ट कर दिया।
धनबाद, जेएनएन। एक ओर जहां पूरा कोयलांचल नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना में लीन है वहीं अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ नारी शक्ति का रौद्र रूप भी देखने को मिल रहा है। धनबाद नगर निगम के वार्ड 52 की पार्षद प्रियंका देवी के नेतृत्व में नारी शक्ति महिला मोर्चा के बैनर तले महिलाओं ने सुदामडीह थाना क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब के धंधे के खिलाफ अभियान चला रखा है।
भाजपा नेता उचित महतो की पत्नी पार्षद प्रियंका की अगुवाई में महिलाओं ने मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर धावा बोला। नोनिया बस्ती में सावित्री के घर से छह लीटर महुआ शराब, न्यू इस्ट भौंरा मोना के घर से चार लीटर, मुंडा बस्ती प्रताप के घर से 25 लीटर अवैध महुआ शराब निकाला। शराब को सड़क पर बहाकर नष्ट कर दिया। शराब विक्रेताओं के साथ जगह जगह धक्का मुक्की व पिटाई भी की गई। महिलाओं ने अविलंब अवैधर शराब की दुकान बंद करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। अभियान से अवैध शराब विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।
प्रियंका ने बताया कि शराब के कारण कई घर बर्बाद हो गए हैं। युवा पीढ़ी भी शराब की लत में फंसती जा रही है। मोर्चा अब लगातार अवैध शराब बंदी का अभियान चलाएगा। उन्होंने प्रशासन से अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। अभियान में चुमकी देवी, गीता कुमारी चौहान , रीता देवी, सीमा देवी, माला देवी, कांति देवी, काकुली देवी, अर्चना देवी, सुनीता देवी, पूनम देवी, पुरनी देवी, रेखा देवी, आरती देवी, रानी देवी आदि थीं।