सशक्तिकरण को रेलवे महिला कर्मचारियों को सिखाएगी मुक्केबाजी, 28 तक आवेदन का माैका
जूडो-कराटे और मुक्केबाजी का प्रशिक्षण के लिए 28 फरवरी तक ही आवेदन लिया जाएगा। रेल कर्मचारियों के साथ-साथ गैर रेलकर्मी महिलाएं भी प्रशिक्षण ले सकती हैं।
धनबाद, जेएनएन। आप रेल कॉलोनी से गुजर रहे हों और कामकाजी महिलाएं मुक्केबाजी या मार्शल आर्ट की प्रैक्टिस करते दिख जाएं तो चौंके नहीं। क्योंकि अब यह उनकी दिनचर्या में शामिल होगा। महिला रेल कर्मचारियों को आत्म रक्षा के गुर सिखाने के लिए रेलवे ने यह निर्णय लिया है। स्काउट एंड गाइड मुख्यालय को इसका प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है। आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से इसकी शुरुआत होगी।
28 तक आवेदन का मौकाः जूडो-कराटे और मुक्केबाजी का प्रशिक्षण के लिए 28 फरवरी तक ही आवेदन लिया जाएगा। रेल कर्मचारियों के साथ-साथ गैर रेलकर्मी महिलाएं भी प्रशिक्षण ले सकती हैं। हालांकि प्राथमिकता महिला रेल कर्मचारियों को ही मिलेगी।
ऐसे कई कार्यस्थल हैं जहां महिलाओं को अकेले रहना पड़ता है। डीआरएम के साथ हुए इंटरैक्शन में ऐसी शिकायतें मिली भी थीं। इस दिशा में पहल करना स्वागत योग्य है। इससे महिला सशक्तीकरण को बल मिलेगा।
-मीना कुंडू, जोनल सचिव महिला विंग, ईसीआरकेयू