महिला को 8 बार चाकू से गोदा, फिर दो गोली मारी; आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख घंटों किया जाम Dhanbad News
बीएल कॉलोनी में रहनेवाले सुगिया देवी उर्फ गौरी देवी (35) की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारने के पूर्व हत्यारों ने महिला पर चाकू से भी वार किया।
धनबाद, जेएनएन। भूली की सुगिया देवी को दो गोली मारी गई थी। इसके साथ शरीर पर धारदार हथियार से आठ जगहों पर वार भी किया गया। पहली गोली महिला को पीछे से पीठ पर मारी गयी। यह गोली पीठ को छेदते हुए सीने से आर पार हो गयी। इसके बाद उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। बाद में एक गोली होंठ के ऊपरी भाग पर सटाकर मारी गयी। यह गोली सिर के आर पार हो गयी। यह खुलासा सुगिया देवी के पोस्टमार्टम के दौरान हुआ। सूत्रों के अनुसार महिला को पीठ पर गोली लगभग सटाकर मारी गयी। वहीं दूसरी गोली होंठ से सटाकर मारी गयी। पोस्टमार्टम के दौरान महिला का विसरा सुरक्षित रखा गया है। उसके हाथ के नाखून को भी लैब में भेजा जाएगा।
पुलिस को नहीं पता था कि मारी गई है गोली : सुबह जब महिला का शव पुलिस ने पीएमसीएच पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तब तक यह साफ नहीं था कि उसे गोली भी मारी गई है। पुलिस ने धारदार हथियार से मौत की बात कही थी। पीएम में गोली के जख्म मिले।
बचने की कोशिश में महिला की हत्यारे से हुई थी हाथापाई : घटनास्थल के पास 2 पेड़ पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। ऐसी आशंका पुलिस को है कि हमलावार से बचने की कोशिश महिला ने की होगी, जिसके कारण पेड़ पर भी चाकू चल गया। बचाव में कुछ कपड़े भी फट गए थे। साफ है एक हाथ से दिव्यांग महिला की हत्या करने में हत्यारे ने किसी हाल में उसे जीवत नहीं छोड़ना चाहते थे। इसी कारण धारदार हथियार के वार के बाद दो गोली भी उसे मार दी गई।
रविवार की रात मृतका के घर पर लगातार किसी ने किया फोन : पुलिस का साफ मानना है कि हत्या कोई संपत्ति विवाद का परिणाम नहीं। महिला का परिवार-आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। अब पुलिस अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसके लिए उसके पुत्र तथा पुत्री का मोबाइल अनुसंधान के लिए जब्त किया गया है। सूत्रों के अनुसार अनुसंधान के दौरान पुलिस को इस बात की जानकारी मिली है कि रविवार की देर रात तक मृतका के घर पर लगातार किसी का फोन आ रहा था। पता लगाया जा रहा है कि आखिर कोई क्यों बार-बार फोन कर रहा था।
आर्थिक रूप से काफी कमजोर है परिवार : मृतका का परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। पति बी ब्लॉक बुधनी हटिया के पास एक ठेला में पकौड़ी बेचकर घर-परिवार चलाता है। 14 वर्षीय पुत्र भी प्राइवेट में पानी का नल खोलने-बंद करने का काम करता था। वहीं बेटी एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में 11वीं में पढ़ती है। सुगिया खुद भी पति के कामकाज में हाथ बंटाती थी। मृतका का भाई राजेश चौहान भी अक्सर बहन की मदद करता था। राजेश चौहान भी वहीं बीएल कॉलोनी में रहता है।
आक्रोशितों ने किया सड़क जाम : भूली ओपी क्षेत्र की बीएल कॉलोनी में रहनेवाले करीमन चौहान की पत्नी सुगिया देवी उर्फ गौरी देवी (35) की सोमवार तड़के घर से थोड़ी ही दूरी पर अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना पर सुगिया की मौके पर ही जान चली गई। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। इस नृशंस वारदात को लेकर भूली में जनाक्रोश भड़क उठा। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए लोग सड़क पर उतर गए और घंटों जाम कर दिया। पुलिस के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
शव के साथ प्रदर्शन : पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही सुगिया का शव घर पहुंचा, सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए। गुस्साए लोगों ने बी ब्लॉक के समीप सड़क पर शव रख जाम लगा दिया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। आसपास की दुकानों को बंद करवा दिया। जाम के कारण भूली मुख्य मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। थोड़ी देर में धनबाद के मेयर शेखर अग्रवाल मौके पर पहुंच गए, लेकिन लोग कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। वे लगातार पुलिस के खिलाफ नारे लगाकर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बैंक मोड़ इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह व थाना प्रभारी चंदन सिंह ने जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया, तब जाकर जाम हटाया गया।
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी : सुगिया की हत्या को लेकर उसके भाई राजेश चौहान ने अज्ञात के खिलाफ भूली ओपी में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। हत्या के पीछे क्या वजह है, इसकी जानकारी घर के किसी सदस्य को नहीं है। पुलिस ने सभी का बयान भी दर्ज किया है।