शौच को गई महिला का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप Dhanbad News
बीएल कॉलोनी के समीप सोमवार की सुबह एक महिला का शव बरामद हुआ। परिजनों का कहना है कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है।
धनबाद, जेएनएन। शहर के बीएल कॉलोनी के समीप सोमवार के अहले सुबह एक महिला का शव मिला। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घरवालों के मुताबिक महिला की हत्या गोली मारकर की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की पहचान सुगिया देवी के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि सुगिया देवी सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। सुबह पास के ही कुछ महिलाओं ने जब उसे गायत्री मंदिर के पीछे जमीन पर गिरा देखा तो शोर मचाना शुरू किया। इसपर वहां काफी संख्या में आसपास के लोग पहुंच गए। इसके बाद लोगों ने महिला के परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर घरवाले मौके पर पहुंचे। इसके बार पूरा माहौल चीख-चीत्कार से गमगीन हो गया।
सूचना पाकर स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि अशोक यादव और भूली ओपी प्रभारी चंदन सिंह मौके पर पंहुचे और मामले की छानबीन की। पुलिस ने बताया कि महिला के गले पर गहरे निशान थे और सिर के पीछे से भी खून गिर रहा था। महिला का पति करीमन चौहान बी ब्लॉक में ठेला लगा कर अपना घर चलाता है। महिला अपने पीछे एक बेटे और बेटी को छोड़ गई है। पुलिस फिलहाल इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।