Weekly News Roundup Dhanbad: आखिर पकड़ी गई नेताजी की चोरी, पढ़ें कैसे हुए मुकदमा
Weekly News Roundup Dhanbad अपने थाने वाले इन दिनों परेशान हैं। परेशानी स्वाभाविक है। बड़े बड़ों को कोरोना हो रहा है। थाने पर भी उसकी नजरें खूब इनायत हो रही हैं।
धनबाद [नीरज दुबे ]। बरवाअड्डा में भाजपा नेता हरिशंकर साव पर कोयला चोरी का मुकदमा दर्ज हो गया है। इससे पहले भी पुलिस ने एक ट्रक कोयला पकड़ा था, तब हरि के नाम पर छानबीन शुरू हुई थी। उस समय पैरोकारों ऐसा रंग दिखाया कि मामला देखते ही देखते रफादफा हो गया। ट्रक चालक और खलासी जैसी छोटी मछलियां नप गईं। जब्त कोयले को लेकर तब हरि नाम सामने आया था, बात प्रकाशित हुई तो नेताजी आग बबूला हो गए। सिर पर पहाड़ उठा लिया था। आंदोलन तक की तैयारी कर दी। बेहद गुस्से में थे। अब चार दिन पहले एक बार फिर बरवाअड्डा पुलिस ने पथिकडीह से 18 टन कोयला जब्त किया है। अनुसंधान में नेताजी का नाम आया। बाकायदा पूरा नाम। बस अवैध कोयला कारोबार की प्राथमिकी नेताजी पर पुलिस ने तुरंत दर्ज कर दी। देखिए अब आगे क्या होता है। ऊंट किस करवट अब बैठता है।
रामजी करेंगे बेड़ा पार
अपने थाने वाले इन दिनों परेशान हैं। परेशानी स्वाभाविक है। बड़े बड़ों को कोरोना हो रहा है। थाने पर भी उसकी नजरें खूब इनायत हो रही हैं। अब शुक्रवार को ही लीजिए। शहर के एक थाने के पुलिस अधिकारी दूसरे साथी को अपनी पीड़ा बता रहे थे। बोले, ये मुआ कोरोना होश गुम कर रहा है। अब किससे बात करें और किससे नहीं, समझ नहीं आ रहा। सुबह से ही लोग समस्या लेकर थाना आ धमकते हैं। बड़े साहब कहते हैं कि फरियादियों की समस्या सुनो और निदान करो। अब भइया ऐसे में हमें कैसे पता लगेगा कि कौन पॉजिटिव है। बड़ा संकट है। तभी थाना का एक सिपाही जो उनकी बात पर कान लगाए था, बोल उठा कोरोना काल में राम मंदिर का शिल्यान्यास हुआ है। अब रामजी ही करेंगे बेड़ा पार। उन्हीं पर भरोसा रखिए। सब ठीक होगा। चिंता छोड़ प्रभु का सुमिरन करिए।
चुप, थाने से दूर हटकर मरो
जीटी रोड पर स्थित शहर का एक थाना। एक महिला अपने पति की शिकायत लेकर पहुंची थी। चेतावनी भी दे रही थी कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो थाना के बाहर खुदकुशी कर लेंगे। थानेदार उसकी बात सुन हैरान परेशान। समझ नहीं आ रहा कि क्या करें। महिला को समझाया पर वह समझने को तैयार नहीं। अब मामला भी सुन लीजिए। महिला ने पहले पति को छोड़ दिया और दूसरी शादी की। दूसरे शौहर पर भी उसे शक था। बार बार आरोप लगा रही थी कि पति दूसरी लड़की से बात करता है। उसे बंद करो। थानेदार ने फिर समझाने की कोशिश की। महिला बोली कार्रवाई करनी है या नहीं बताओ। नहीं तो थाने के बाहर जान दे दूंगी। आखिर परेशान थानेदार का पारा चढ़ गया, सो बोल उठे मरना है तो थाना से दूर जाकर मरो। यहां काहे ड्रामा कर रही हो।
कोरोना ने बचाई साख
कोरोना बेशक सभी के होश गुम कर रहा है। पर चैंबर नेताओं की साख इसने एक मामले में बचा दी। सो कहने वाले कह रहे भला हो कोरोना का। दरअसल एक व्यापारी का जमीन को लेकर विवाद हो गया। पुलिस पहुंची और व्यवसायी को गिरफ्तार कर लिया। मामला व्यापारी एकता का था सो चैंबर के लोग उसके पक्ष में खड़े हो गए। व्यवसायी को जेल भेजने का विरोध शुरू कर दिया। पुलिस मानने को तैयार नहीं। आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया। वहां कोर्ट के आदेश पर उसका दोबारा कोरोना टेस्ट हुआ। जांच में वह पॉजिटिव निकल आया। बस वह जेल जाने से बचा और अस्पताल पहुंच गया। चैंबर के लोग भी सुकून में। चलो साख बची। पुलिस ने विरोध की बुनियाद ही हिला दी थी। अब कहने को हो गया कि विरोध के कारण ही व्यापारी अस्पताल में है। अन्यथा वह जेल चला जाता।