जामाडोबा से तीसरे दिन भी ठप रही झरिया कोयलांचल में जलापूर्ति
जासं झरिया-जामाडोबा जामाडोबा जल संयंत्र इंटेकवेल के पास दामोदर नदी में काफी मात्रा में श
जासं, झरिया-जामाडोबा : जामाडोबा जल संयंत्र इंटेकवेल के पास दामोदर नदी में काफी मात्रा में शैवाल व जलकुंभी के आ जाने से 12 व नौ एमजीडी वाटर फिल्टर प्लांट में जल भंडारण का काम प्रभावित हो गया है। झरिया शहर व इसके आसपास क्षेत्रों व पुटकी इलाके में इसकी वजह से तीसरे दिन भी जलापूर्ति ठप रही। झरिया कोयलांचल व पुटकी क्षेत्र के पांच लाख से अधिक लोगों में पानी के लिए हाहाकार मचा है। शादी के मौसम में पानी नहीं मिलने से लोग परेशान हैं। हालांकि झमाडा के कर्मी नदी में लगे इंटेकवेल के पास शैवाल व जलकुंभी की सफाई कर बीच-बीच में आंशिक जलापूर्ति करने का दावा कर रहे हैं। कर्मियों ने बताया है कि ठंड के मौसम के कारण शैवाल व जलकुंभी की सफाई करने में परेशानी हो रही है। नदी में डूबकर सफाई करनी पड़ती है। हर दो घंटे में नदी की सफाई का कार्य किया जाता है।
लगातार सफाई अभियान नहीं चलाया जा सकता है। मजदूरों ने कहा कि संयंत्र के पास नदी में शैवाल, जलकुंभी को रोकने के लिए बांस की जाली लगाई गई है। झमाडा प्रबंधन को सफाई अभियान में तेजी लाने के लिए उपाय करने पड़ेंगे, तभी झरिया व पुटकी के लोगों सुचारू रूप से पानी मिल पाएगा।
---
ठंड के दिनों में दामोदर नदी में शैवाल व जलकुंभी का आना बढ़ जाता है। नदी का जलस्तर भी घट जाता हैं। इसके कारण जल भंडारण में मुश्किल होती है। झमाडा के कर्मी मेहनत कर झरिया व पुटकी क्षेत्रों में आंशिक जलापूर्ति कर रहे हैं। नदी की सफाई कर जल्द नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
- पंकज झा, एसडीओ झमाडा।