CAA Protest : सामने आये रैली में शामिल लोग, कहा- 6 बार मांगी थी प्रशासन से अनुमति, संवैधानिक तरीके से किया विरोध Dhanbad News
CAA Protest सीएए के विरोध में रैली निकालने के दौरान हुए राजद्रोह के मुकदमें में शामिल लोग गुरुवार को मीडिया के सामने आये। कहा कि रैली के लिए 6 बार प्रशासन से अनुमति मांगी थी।
धनबाद, जेएनएन। CAA Protest सीएए, एनआरसी के विरोध में वासेपुर से निकली रैली को लेकर बवाल के मद्देनजर गुरुवार को शामिल लोगों ने प्रेस कांफ्रेंस की। लोगों ने बताया कि शांतिपूर्वक रैली के लिए छ: बाद प्रशासन से अनुमित मांगी गयी थी, लेकिन प्रशासन हर बार समय टाल दे रहा था। मजबूरन आपसी बैठक के बाद सात जनवरी को शांतिपूर्वक रैली निकाली गयी। इस रैली से किसी भी आम नागरिक को कोई भी परेशानी नहीं होने दी गई। बावजूद प्रशासन ने राजद्रोह का मामला दर्ज कर दिया था।
हालांकि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद 3000 लोगों पर दर्ज राजद्रोह का मामला पुलिस ने वापस ले लिया। इसपर वासेपुर के लोगों ने मुख्यमंत्री का शुक्रिया अदा किया। साथ ही कहा कि राज्य सरकार ने हम लोगों के दर्द को समझा और राजद्रोह के मुकदमे को तत्काल हटाने का आदेश दिया है। इस दौरान वासेपुर के लोग हाथों में सीएए, एनआरसी के विरोध में लिखी तख्तियां लिए हुए थे। मौके पर अली अकबर, हाजी जमीर आरिफ, शादाब आलम, सैयद एमडी शहबाज, एसएम साजिद आदि मौजूद थे।
26 दिसंबर से चल रही थी रैली की बात : लोगों ने बताया कि सबसे पहले रैली 26 दिसंबर को करने की तैयारी हुई। एसडीओ व डीएसपी साहब के साथ बैठक हुई। 29 को अनुमति दी गयी है। लेकिन इसे रद कर दिया गया। इसके बाद 30 -31 दिसंबर को रैली के लिए आवेदन दिया। इस पर भी अनुमति नहीं मिली। फिर पांच जनवरी को आवेदन दिया। इस बार भी अनुमति नहीं मिली। दूसरी ओर, समाज के लोगों ने बैठक की। इसके बाद सात को रैली निकाली गयी। जो बेहद शांतिपूर्ण तरीके से हो रही थी।
बाकी की धाराएं हटायें, नहीं जो देंगे सामुहिक गिरफ्तारी : लोगों ने कहा कि अपनी आवाज उठाना संवैधानिक अधिकार है। सात को स्कूली छुट्टी थी। रैली के मानव श्रृंखला बनाकर एंबुलेंस सहित जरूरी वाहनों को जगह दिया गया। ऐसे में बाकी बचे धाराओं को रद किया जाये। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम सभी सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। इसमें प्रशासन को सहयोग करेंगे।