युवा व बुजुर्गों ने भी गांव की सरकार चुनने में निभाई अपनी भागीदारी
बाघमारा के पड़ोसी इलाके में युवा व
युवा व बुजुर्गों ने भी गांव की सरकार चुनने में निभाई अपनी भागीदारी
कतरास/सिजुआ/बरोरा/तेतलमारी : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में छिटपुट घटनाओं के साथ पूरे बाघमारा प्रखंड में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों ने गांव की सरकार चुनने में भागीदारी जताते हुए मतदान किया। मतदान के प्रति लोगों में उत्साह का आलम यह था कि निर्धारित समय से पूर्व ही बूथों पर लोगों का आना शुरू हो गया था। बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी दिखी।
आदिवासी बहुल गांव तिलाटांड़ प्राथमिक विद्यालय केंद्र में 102 वर्षीय वृद्ध नाथू महतो ने मतदान किया। वे काफी उत्साहित थे। केंद्र से बाहर निकलने के बाद उन्होंने कहा कि यह पंचायत चुनाव उनके लिए शायद अंतिम हो। क्योंकि लंबी उम्र तक जिंदा रहना काफी मुश्किल होता है।
कंचनपुर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय दुखितडीह में 80 वर्षीय फुलिया देवी लाठी के सहारे लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाने पहुंची थीं। गांव की सरकार बनाने में महिलाएं भी पीछे नहीं हैं। मतदान के दिन कहीं लाठी के सहारे तो कहीं ह्वील चेयर पर बैठ कर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था जताई। बौआकला उत्तर पंचायत के बूथ संख्या 128 में ह्वील चेयर पर बैठकर मतदान करने पहुंची पुनिया देवी दूसरों के लिए प्रेरणा बनीं। अन्य कई बूथों पर महिला मतदाता में चुनाव के प्रति उत्साह दिखा। झींझीपहाड़ी सहित कई बूथों पर शांतिपूर्वक लोगों ने मतदान किया।
माटीगढ़ा हाई स्कूल के एक बूथ पर मतदान के लिए लाइन में लगी महिलाओं को अपनी बारी के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कारण यह कि यहां लंबी कतार थी। एसएसपी संजीव कुमार, डीएसपी निशा मुर्मू ने इस बूथ पर मतदान कार्य का जायजा लिया। खानूडीह पंचायत के एक बूथ पर लाइन में लगे अधिकांश मतदाता पितांबरी गमछा लिए हुए थे।
बरोरा थाना क्षेत्र के 87 मतदान केंद्रों में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। मुराईडीह पंचायत में मतदान के एक दिन पहले बुधवार की देर रात व मतदान के दिन सुबह छ बजे मुराईडीह कालोनी में एक मुखिया प्रत्याशी तथा समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। एसएसपी संजीव कुमार व डीएसपी नीशा मुर्मू बरमसिया मतदान केंद्र पहुंचे। मतदान कार्य व मतदाताओं की सुविधाओं का जायजा लिया। बरोरा थाना क्षेत्र से सटे तोपचांची के बार्डर इलाके में एसआइ विनय दुबे के नेतृत्व में जगुआर के जवान पैदल मार्च करते देखे गए। तेतुलमारी थाना क्षेत्र में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। हालांकि नगरीकला दक्षिण पंचायत के सरस्वती शिशु मंदिर स्थित मतदान केंद्र के बाहर दो मुखिया प्रत्याशियों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस के पहुंच जाने के बाद मामला शांत पड़ गया।