सावधान! इस मौसम में वायरस-बैक्टीरिया कर सकते हैं बीमार, बारिश के कारण वातावरण में बढ़ी नमी Dhanbad News
धनबाद समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में हो रही बारिश से वातावरण में नमी बढ़ गयी है। इसके साथ ही वायरस और बैक्टीरिया के हमले की संभावना भी बढ़ गयी है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में हो रही बारिश से वातावरण में नमी बढ़ गयी है। इसके साथ ही वायरस और बैक्टीरिया के हमले की संभावना भी बढ़ गयी है। बदलते मौसम को लेकर डॉक्टर सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। खास तौर पर बाहरी खान-पान से बचने और शरीर के तापमान के सामान्य बनाए रखने का सुझाव डॉक्टर दे रहे हैं।
क्या कहते हैं डॉक्टर :
"इस मौसम में बैक्टीरियल और वायरल अटैक का खतरा बढ़ जाता है। बॉडी के तापमान को सामान्य बनाये रखने की जरुरत है। खान पान का विशेष ध्यान रखें। बाहरी चीजों से परहेज करें। सर्दीए जुकाम और बुखार जैसे लक्षण दिखने पर डॉक्टर का परामर्श जरूर लें।" -डॉ. आलोक विश्वकर्मा, प्रभारी सिविल सर्जन
बदला रहेगा मौसम का मिजाज, सोमवार दोपहर से राहत
शहर में शनिवार की सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। रह रह कर तेज हवा के साथ बारिश होती रही। मौसम के करवट लेने से तापमान में भी गिरावट आ गई है। स्वेटर, जैकेट और मफलर बाहर निकल गए हैं। रविवार को भी पूरे दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान है। सोमवार दोपहर से मौसम साफ होने के आसार हैं।
फिर 19 से फिर बदलेगी आवोहवा, बादल गरजने के साथ होगी बारिश
मौसम के जानकार डॉ. एसपी यादव ने बताया कि हिमालय से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ की बर्फीली हवा के साथ अरब सागर से बादल इस ओर आ रहे हैं। उनका मिलन झारखंड और बिहार में हो रहा है, जिससे दोनों राज्यों में मौसम बिगड़ गया है। सोमवार दोपहर तक धनबाद का मौसम साफ होने के आसार हैं। हालांकि 19-20 मार्च से एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। उस दौरान तेज बादल गरजने के साथ आंधी-बारिश भी हो सकती है।