पूर्वांचल के बाहुबली विनीत सिंह की एंट्री से कोयलांचल में हलचल Dhanbad News
धनबाद कोयलांचल से जब कोयला उत्तर प्रदेश के पूर्वाचंल की मंडियों में पहुंचता है तो उसे नियंत्रित करने का काम माफिया डॉन करते हैं।
धनबाद, जेएनएन। भाजपा का दामन थामने के बाद यूपी के बाहुबली विनीत सिंह ने धनबाद कोयलांचल में दस्तक दी है। धनबाद की धरती पर उनके कदम पड़ने भर से कोयले के धंधे को नियंत्रित करने वाले यूपी, बिहार और झारखंड के तमाम बाहुबली सकते में आ गए हैं। कोयले की मंडियों में हलचल मच गई है। चर्चा यह है कि विनीत सिंह धनबाद कोयलांचल में कोयले के धंधे में माफिया डॉन बृजेश सिंह और मुख्तार अंसारी की तरह एंट्री चाहते हैं। अपना एक मजबूत सिंडीकेट खड़ा बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
यूपी के माफिया डॉन करते कोयले के धंधे को नियंत्रितः धनबाद कोयलांचल से जब कोयला उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल की मंडियों में पहुंचता है तो उसे नियंत्रित करने का काम माफिया डॉन करते हैं। इसके बदले में उन्हें कोयला व्यवसायियों से प्रतिटन के हिसाब से चढ़ावा मिलता है। इस धंधे को नियंत्रित करने और अपना दबदबा कायम करने के लिए समय-समय पर हत्याएं होती रहती हैं। इन हत्याओं में कभी डॉन बृजेश तो कभी मुख्तार अंसारी का नाम आता है। हाल ही में धनबाद पुलिस ने कांग्रेस नेता पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या में यूपी के शूटर रिंकू सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। रिंकू ने खुलासा किया-डॉन मुन्ना बजरंगी ने कोयले के धंधे में करोड़ों रुपये लगाए थे। धनबाद में उनका काम रंजय सिंह देखता था। रंजय सिंह की हत्या का बदला लेने के लिए ही नीरज सिंह की हत्या हुई।
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए विनीत सिंहः विनीत सिंह यूपी के पूर्वांचल में बाहुबलियों की सूची में शुमार हैं। वह यूपी विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं। उनकी अदावत बाहुबली बृजेश सिंह के साथ है। लोकसभा चुनाव- 2019 के अंतिम चरण के मतदान से ठीक तीन दिन पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के सामने भाजपा में शामिल हुए। चंदाैली लोकसभा क्षेत्र में यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय के लिए जमकर काम किया। कहा जाता है कि महेंद्र पांडेय के कारण ही उन्होंने नामांकन पत्र खरीदेने के बाद भी चंदाैली से लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा। इसका फायदा चुनाव में पांडेय को मिला।
बर्थडे पार्टी बहाना, कहीं और निशानाः विनीत सिंह मंगलवार को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य विनय सिंह के भतीजे की बर्थडे पार्टी में शरीक होने के लिए लाव-लश्कर के साथ मैथन पहुंचे थे। उन्होंने धनबाद के एक होटल में त्रात्रि विश्राम किया। यहां पर उनका कोयलांचल के कई बड़े कोयले के कारोबारियों के साथ मिलना-जुलना हुआ। इसे लेकर हलचल है। दरअसल, विनीत सिंह पहले से ही लोहा और कोयले के धंधे में शामिल हैं। हालांकि उनका धंधा धनबाद से न होकर प. बंगाल के रानीगंज और दूसरे क्षेत्रों से है। अब धनबाद में रूचि ले रहे हैं। अगर उनकी एंट्री होती है तो कोयले के धंधे को नियंत्रित करने वालों का त्रिकोण बनना लाजिमी है। बृजेश और मुख्तार के बाद एक नया गुट खड़ा होगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप