सिंफर की तकनीक से चीन-भारत की सीमा पर बन रही सड़क, साइंस फेस्टिवल में होगा प्रदर्शन Dhanbad News
कोलकाता के साइंस सिटी ऑडिटोरियम में छह से आठ नवंबर तक साइंस फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसमें शामिल होने के लिए एक नवंबर की सुबह धनबाद सिलीगुड़ी और खड़गपुर से एक साथ यात्रा निकलेगी।
धनबाद, जेएनएन। गांव के बच्चे अब विज्ञान के अतीत, वर्तमान और भविष्य के लिए हो रहे शोध और अन्वेषण से रूबरू होंगे। अवसर होगा इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल का। धनबाद ही नहीं देशभर के ग्रामीण बच्चों को इसमें शामिल होने का अवसर मिलेगा।इसके लिए सांसदों से आग्रह किया गया था। उन्होंने अपने गोद लिए गए गांव के पांच बच्चे और एक शिक्षक की सूची उपलब्ध करा दी है। यह जानकारी सिंफर निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि कोलकाता के साइंस सिटी ऑडिटोरियम में छह से आठ नवंबर तक साइंस फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसमें शामिल होने के लिए एक नवंबर की सुबह धनबाद, सिलीगुड़ी और खड़गपुर से एक साथ यात्रा निकलेगी। अलग-अलग पड़ाव के बाद यात्रा कोलकाता पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि साइंस फेस्ट में 12 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। ग्रामीण बच्चों के लिए अलग विज्ञान की जुड़ी फिल्में समेत अन्य गतिविधियां आयोजित होंगी। शीर्ष वैज्ञानिकों के साथ बच्चों को संवाद का भी अवसर मिलेगा। फेस्ट में सिंफर की ओर से भी स्टॉल लगाए जाएंगे। उन स्टॉलों पर सिंफर के शोध और अन्वेषण कार्यो को प्रदर्शित किया जाएगा।
चीन सीमा पर सड़क निर्माण, कोयला से मिथेनॉल बनाने की तकनीक समेत अन्य शोध कार्यो को दर्शाया जाएगा। डॉ. सिंह ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरित करने के उद्देश्य से इसका आयोजन किया जा रहा है और इसलिए इसे राइजिंग इंडिया का दर्जा दिया गया है। मौके पर डॉ. सिद्धार्थ सिंह व अन्य उपस्थित थे।