पिस्टल लहराकर मां-बेटी को पीट रहे भाजपा नेता का वीडियो वायरल, पुलिस ने नहीं दर्ज की प्राथमिकी Dhanbad News
महिला से भाजपा नेता श्रवण राय का पुराना विवाद चल रहा है जिसको लेकर दोनों परिवार में तनातनी है। इसी को लेकर भाजपा नेता भाई के साथ महिला के घर में घुसा और मां-बेटी को जख्मी कर दिया।
धनबाद, जेएनएन। जीतपुर में शनिवार को भाजपा नेता ने विधवा महिला और उसकी बेटी से मारपीट की थी। रविवार को इसके वायरल वीडियो ने सनसनी मचा दी, जिसमें भाई संग पिस्टल लहराते भाजपा नेता मां-बेटी पर हमला करते हुए साफ दिख रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जोड़ापोखर थाना प्रभारी पीडि़ता की प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रहे हैं। न ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने ही मसले को संज्ञान में लेने की जरूरत समझी।
महिला लक्ष्मी देवी से भाजपा नेता श्रवण राय का कोई पुराना विवाद चल रहा है, जिसको लेकर दोनों परिवार में तनातनी चरम पर है। शनिवार को दोनों पक्षों में विवाद हुआ, तो भाजपा नेता भाई के साथ महिला के घर में घुस गए। मां के साथ बेटी विभा को मारपीट कर जख्मी कर दिया। पीडि़त परिवार का आरोप है कि भाजपा नेता पिस्टल लहराकर जान से मारने की धमकी देते हुए पीट रहे थे। मां-बेटी का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है। मामले में पीडि़ता की बेटी नीतू ने डीएसपी को दिए बयान में मारपीट के दौरान भाजपा नेता पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
अब तक नहीं हुआ मामला दर्ज : जख्मी लक्ष्मी की बड़ी पुत्री नीतू ने बताया है की जोड़ापोखर थाना प्रभारी मामला दर्ज नहीं कर रहे हैं। भाजपा नेता दबंग हैं। कभी भी हमारे परिवार के साथ बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। हम लोग दलित परिवार से हैं। घटना से भाजपा का दलित विरोधी चेहरा उजागर हो गया है। भाजपा नेता व उनके भाइयों का वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर रही है।
किसने क्या कहा :-
- पिस्टल लाइसेंसी है। उसे हमेशा पास में रखते हैं। मारपीट के समय भी पिस्टल मेरे पास था। जो जमीन पर गिर गया था। उसे मेरे भाई धर्मेंद्र उठाकर हमें दे रहा था। महिला व उसकी बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप आरोप झूठा है। -श्रवण राय, भाजपा नेता
- दोनों परिवार के बीच पुरानी रंजिश का मामला है। कई वर्षों से दोनों परिवार के बीच समय-समय पर मारपीट होती रही है। पार्टी की ओर से छानबीन के बाद अगर गलती श्रवण राय की होगी तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। - चंद्रशेखर सिंह, धनबाद जिला भाजपा अध्यक्ष।
- पीडि़त परिवार की ओर से दिए गए आवेदन में काफी त्रुटियां हैं। कई बार उनकी लड़की को आवेदन सुधारने के लिए बुलाया जा रहा है। थाना नहीं आ रही है। इसलिए मामला दर्ज नहीं किया गया है। जांच की जा रही है। भाजपा नेता पर कार्रवाई की जाएगी। - सत्यम कुमार, जोड़ापोखर थाना प्रभारी।