Deoghar International Airport: नवंबर में शुरू होगी देवघर से हवाई सेवा, हवाईअड्डा निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री ने की घोषणा
Deoghar International Airport केंद्रीय राज्यमंत्री हरदीपर सिंह पुरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के चित्रकूट सोनभद्र व अयोध्या से जल्द ही हवाई सेवा शुरू की जाएगी।
देवघर, जेएनएन। Deoghar International Airport केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी शनिवार को देवघर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां काफी हद तक काम पूरा चुका है। देवघर के लिए नवंबर के पहले सप्ताह से कुछ जगहों के लिए हवाई सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए इसी सप्ताह दिल्ली के मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक मंजूरी दी जाएगी। साथ ही आगामी सोमवार को हवाई सेवा से जुड़ी कंपनियों के साथ बैठक करेंगे ताकि यह तय हो सके कि फिलहाल कहां-कहां के लिए हवाई सेवा शुरू होगी। साथ ही कौन-कौन सी कंपनियां इसमें शामिल होंगी। देवघर से हवाई सेवा का विस्तार अगले साल किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 मई, 2018 को देवघर हवाईअड्डा का शिलान्यास किया था।
मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया देवघर एक तीर्थस्थल है। यहां करोड़ों की संख्या में लोग हर साल बाहर से आते हैं। यहां हवाई सेवा बहाल होने से इलाके का विकास होगा साथ ही तीर्थ यात्रियों की संख्या में और अधिक इजाफा होगा। वैसे देवघर में जिस स्तर का हवाई अड्डा बन रहा है। इसके लिए एरो सिटी की जरूरत होगी। इसके लिए पहले ही योजना बनाई गई थी, जिसका क्रियान्वयन नहीं हो पाया। इस योजना के लिए राज्य व केंद्र सरकार के संयुक्त भागीदारी से ही पूरा किया जाना है। वैसे एरो सिटी की फाइल फिर से मांगी गई है ताकि इसमें जरूरी बदलाव कर इस दिशा में काम किया जा सके।
चित्रकूट, सोनभद्र व अयोध्या से जल्द शुरू होगी हवाई सेवा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डोमेस्टिक एयरलाइंस सेवा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, सोनभद्र व अयोध्या से जल्द ही हवाई सेवा शुरू की जाएगी। इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी बैठक हो चुकी है।
बंद पड़े पुराने हवाई अड्डे का होगा उपयोग
मंत्री का कहना है कि द्वितीय विश्व युद्ध के समय से देश के कई ऐसे हवाई अड्डे हैं। जिनका उपयोग नहीं हो रहा है, इन्हें फिर से शुरू करने की दिशा में काम चल रहा है। बिहार के दरभंगा से जल्द ही हवाई सेवा शुरू की जाएगी। कोरोना की वजह से हवाई सेवा प्रभावित हुई है लेकिन सेवा विस्तार को लेकर सरकार की कोशिश जारी है।
हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में होगी बढ़ोत्तरी
फिलहाल प्रतिदिन डेढ़ लाख लोग हवाई सफर कर रहे हैं। दिसंबर तक इसे बढ़ाकर तीन लाख पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री के इस सपने को जल्द पूरा किया जाएगा।
2022 तक हर भारतीय का सिर होगा अपना छत
मंत्री ने कहा कि 2022 में जब देश 75वीं स्वतंत्रता दिवस मना रहा होगा। उस वक्त हर भारतीय के सिर पर छत होगा। यह लक्ष्य प्रधानमंत्री ने रखा है। जिसे पूरा किया जाएगा। मोदी सरकार ने हर घर में शौचालय का जो सपना दिखाया था वह पूरा किया। हर क्षेत्र में देश तेजी से विकास कर रहा है हवाई सेवा का विस्तार भी इसमें शामिल है।