पीएम स्वनिधि के तहत 15 हजार फुटपाथ विक्रेताओं को लोन देने का मिला लक्ष्य
धनबाद मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को बाबूडीह विवाह भवन में ए
धनबाद : मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को बाबूडीह विवाह भवन में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह उन्मूखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें डे-एनयूएलएम (दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन) योजना के विशेषज्ञ कुमार वम एवं अंतदेव कुमार विशेष रूप से शामिल हुए। प्रशिक्षण में निगम में कार्यरत सामुदायिक संगठनकर्ता एवं सामुदायिक संसाधन सेवी शामिल हुए। इसमें सभी को बताया गया कि मुख्यमंत्री श्रमिक योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें। यह सुनिश्चित करें कि सभी को जॉब कार्ड मिल जाए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत फुटपाथ विक्रेताओं को दस-दस हजार का लोन दिया जा रहा है। धनबाद को 14993 का लक्ष्य मिला है। अभी तक लगभग दो हजार को लोन मिल चुका है। इसमें तेजी लाएं। ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजना से जोड़े। इसके अलावा निगम क्षेत्र के 1080 युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जाना है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी 720 महिलाओं को भी परिधान एवं प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं एवं महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है। इसलिए इसका अधिक से अधिक प्रचार करें और सभी को इस प्रशिक्षण से जोड़ें। सभी अंचल में कैंप लगाकर रजिस्ट्रेशन करें। इस अवसर पर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार पहुंचे और प्रशिक्षण का जायजा लिया। उनके साथ सिटी मिशन मैनेजर राजन कुमार सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि फुटपाथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की पहल नगर निगम की ओर से की जा रही है। लोग नगर निगम की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर समृद्धि के रास्ते पर बढ़े।