विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उज्जीवन बैंक कर्मचारी पर ग्राहकों के छह लाख रुपये गबन का आरोप, धनबाद में मामला दर्ज

Published: Thu, 10 Sep 2026 02:19 PM (IST)

Dhanbad News: सरायढेला के उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के एक कर्मचारी पर नौ ग्राहकों के खातों से करीब छह लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है।

उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक सरायढेला। (प्रतीकात्मक फोटो)

उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक सरायढेला। (प्रतीकात्मक फोटो)

जागरण संवाददाता, धनबाद। सरायढेला स्थित उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक के एक कर्मचारी पर नौ ग्राहकों के बैंक खातों से करीब छह लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। बैंक के सहायक ग्राहक संबंध प्रबंधक संतोष गोस्वामी ने सरायढेला थाना में आवेदन देकर बैंक के ग्राहक संबंध अधिकारी रिक्की मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

आवेदन के अनुसार रिक्की मिश्रा 11 जून 2025 से बैंक की धनबाद शाखा में ग्राहक संबंध अधिकारी के पद पर कार्यरत था। बैंक को उसके खिलाफ 10 ग्राहकों की ओर से धोखाधड़ी की लिखित शिकायत मिली थी।

बैंक स्तर पर जांच में आरोप है कि रिक्की ने नौ ग्राहकों का समूह ऋण का आवेदन भरवाने के दौरान उनके आधार, पैन और अन्य बैंक दस्तावेज लिए। इसी दौरान कथित तौर पर ग्राहकों का अंगूठे का निशान जैवमितीय मशीन पर लेकर उनके बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर बदल दिए।

आरोप है कि ऋण की राशि ग्राहकों के खातों में जमा होने के बाद रिक्की ने अपने नियंत्रण वाले मोबाइल नंबर से उनके खातों में यूपीआइ और मोबाइल बैंकिंग की सुविधा सक्रिय कराई। इसके बाद करीब छह लाख रुपये अपने माता बुल्लू देवी, भाई विक्की मिश्रा और अन्य सहयोगियों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर लिए।

इसके अलावा तीन ग्राहकों से ऋण की किस्त के रूप में लिए गए 23,389 रुपये भी अपने पास रखने का आरोप है। वहीं, बैंक को संदेह से बचाने के लिए सात ग्राहकों की 56,207 रुपये की ऋण किस्त उनके खातों में जमा करने की बात आवेदन में कही गई है।

इस तरह बैंक के अनुसार अब तक करीब 6.23 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। जांच पूरी होने पर ग्राहकों की संख्या और गबन की राशि बढ़ने की संभावना जताई गई है। पूछताछ के बाद बैंक से अनुपस्थित होने का आरोप है।

आवेदन में कहा गया है कि ग्राहकों की शिकायत के संबंध में पूछताछ शुरू होने के बाद रिक्की मिश्रा बैंक से बिना सूचना दिए अनुपस्थित हो गया। बैंककर्मियों ने दूरभाष और उसके घर जाकर पूछताछ का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर तरह-तरह के बहाने बनाए।

साथ ही वीडियो बनाकर बैंककर्मियों को आत्महत्या कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगा। बैंक की ओर से इसकी सूचना 26 जून 2026 को सरायढेला थाना की दी गई। बैंक ने रिक्की मिश्रा और उसके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद पुलिस छानबीन शुरू कर दी है।