ठंडा पेय पिला वाहन लूटने वाले अंतरराज्यीय गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, रामगढ़ से एक कार भी बरामद Dhanbad News
पुलिस ने लग्जरी कार लूटने वाले गैंग के शातिर बदमाश अमित सोनी को शहर के रांगाटांड़ से धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रामगढ़ से एक सेलेरियो कार भी बरामद की है।
धनबाद, जेएनएन। शहर के बैंकमोड़ थाने की पुलिस ने गुरुवार को लग्जरी कार लूटने वाले गैंग के शातिर बदमाश अमित सोनी को रांगाटांड़ से धर दबोचा। वह सुरेश कॉलोनी, हजारीबाग का निवासी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रामगढ़ से एक सेलेरियो कार भी बरामद की है। कार को अमित ने रांची से उड़ाया था। फिर रामगढ़ के नंदकिशोर सिंह को बेच दिया था।
पुलिस ने नंदकिशोर को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अमित सोनी ने तीन गाड़ी रांची और धनबाद से एक वाहन लूटना कुबूल किया। रांची से लूटी गई कार को उसने 50 हजार रुपये में रामगढ़ के महताब को बेची थी। वाहन चोरी मामले में रांची में वह नौ माह जेल में था। छह माह से उसकी नंदकिशोर से दोस्ती थी। वह रामगढ़ में चोरी की कार बिक्री का सूत्रधार भी है।
फाइनेंसर को भी दिया चकमा : 11 फरवरी को अमित बैंकमोड़ से जेएच10बीक्यू-0785 नंबर की स्विफ्ट रामगढ़ जाने के लिए बुक करायी थी। रास्ते में चालक शमशाद को नशीला ठंडा पेय पिलाकर बेहोश कर दिया और कार लेकर भाग गया। जीपीएस से पता चला कि गाड़ी रांची में है। सूचना पर फाइनेंसर ने रांची में कार को रोका तो अमित बहाना बनाकर वहां से निकल गया था। वहीं, उसकी तस्वीर कैमरे में कैद हो गई थी। उसी तस्वीर से बैंकमोड़ थाना पुलिस ने अमित को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के वाहन रामगढ़ में ही बेचता था अमित : दिसंबर में अमित ने आर्टिगा कार को रांची के मेडिका चौक से बुक कराया था। फिर चालक को पेय पदार्थ पिलाकर लूट लिया था। जनवरी में एसएन यादव चौक रांची से स्विफ्ट डिजायर तो 17 फरवरी को गुलमोहर अस्पताल रांची से सेलेरियो कार बुक कराकर लूट लिया था। सभी गाड़ी को अमित रामगढ़ में ही बेचा था। सेलेरियो कार नंदकिशोर के घर मिली। मो. महताब, सौदागर मुहल्ला तथा बबलू सिंह माल गोदाम रेलवे कॉलोनी रामगढ़ को भी दो लग्जरी कार अमित ने बेचा है। पुलिस ने वाहनों की बरामदगी के लिए खरीदारों के घर छापेमारी की। नंदकिशोर को छोड़ कोई पुलिस के हाथ नहीं लगा।
ऐसे पकड़ा गया अमित : हजारीबाग निवासी अमित सोनी का सीसी टीवी फुटेज बैंकमोड़ पुलिस के पास था। बैंकमोड़ पुलिस फुटेज को अपने कई गुप्तचरों के पास छोड़ रखा था। संजोग से अमित बुधवार को रांगाटांड़ के पास कोई गाड़ी बुक कराने के लिए घूम रहा था तभी पुलिस ने अमित सोनी को धर दबोचा।