Jharkhand: वज्रपात की चपेट में आने से बेरमो में किशोर समेत दो की मौत, मसलिया में भी ठनका गिरने 2 की गई जान
दुमका के मसलिया प्रखण्ड के सांपचला पंचायत में गुरुवार को वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। इधर बेरमो में भी ठनका की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हैं।
दुमका/बेरमो, जेएनएन। दुमका के मसलिया प्रखण्ड के सांपचला पंचायत में गुरुवार को वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। एक भेलादहा और दूसरी घटना जामबाद गांव की है। जानकारी के मुताबिक भेलादहा गांव के विनय हांसदा बारिश की संभावना को देखते हुए अपने मवेशियों को घर ला रहे थे। उसके हाथ में लोहे का छाता था। तभी अचानक बिजली चमकी और वह सड़क पर गिर गया। इस दौरान मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना सांपचला पंचायत के ही जामबाद के हरिजन टोला का है। यहां चौदह वर्षीय बेबी कुमारी की मौत हो गई है।
बेबी की मां ने बताया कि वह पास में ही मैदान खेल रही थी। तभी बिजली चमकने के डर से भाग कर घर आ रही थी कि उसके उपर वज्रपात हुआ और वह गिर गई। आनन फानन मे उसे उठा कर लाया गया और उपचार के लिए मसलिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने बेबी को मृत घोषित कर दिया। बता दें कि यह घटना घर से महज सौ मीटर दूरी पर घटी। वहीं पंचायत के पाथराबाद गांव में सतीश मुर्मू के घर में उसकी पत्नी जियामुनी हेम्ब्रम और दो बेटी मनीषा मुर्मू और सोनाली मुर्मू वज्रपात का झटका लगने से बेहोश हो गई। सभी को पास के डॉक्टर से उपचार कराया गया तब जाकर सभी होश में आई।
इधर, बेरमो के पेटरवार प्रखंड के चांदो पंचायत के ग्राम बसरिया टोला ठड़घटिया में गुरुवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय रवि मुर्मू, 14 वर्षीय संजय सोरेन एवं 6 वर्षीय अमित सोरेन घर के बगल में चापाकल के पास खड़े थे। तभी अचानक बारिश के साथ हुए वज्रपात की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग जुट गए एवं घरेलू उपचार करने लगे। इस दौरान उपमुखिया रमित रजक ने तुंरत एंबुलेंस बुलाकर तीनों किशोर को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल जैनामोड़ भेजा। अस्पताल जाते वक्त रास्ते में संजय सोरेन की मौत हो गई। वहीं, रवि एवं अमित का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
वहीं, दूसरी घटना चंद्रपुरा प्रखंड के नर्रा की है, जहां मवेशी चरा रहे एक 56 वर्षीय व्यक्ति भोला महतो की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई। नर्रा पंचायत के कुम्हार टोला निवासी भोला महतो एवं उनका भाई कुजू महतो खेत में मवेशी चरा रहे थे। दोपहर में बारिश होने लगी। कुजू अपने मवेशी लेकर घर जाने लगा एवं भाई को भी चलने को कहा। भाई भोला महतो अपने मवेशियों को खेत में खोलने के लिए गया। भोला मवेशी खोल ही रहा था तभी अचानक ठनका गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर चंद्रपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।