कतरास के तालाब में डूबने से दो मासूम की गई जान
कतरास कतरास थाना क्षेत्र के मानसिगकुरवा गांव के तालाब के पानी में डूबने से दो बच्चों की मौ
कतरास : कतरास थाना क्षेत्र के मानसिगकुरवा गांव के तालाब के पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार करीब साढ़े नौ बजे की है। मृतकों में बेनी सिंह के पांच वर्षीय इकलौता पुत्र विवेक व तारकनाथ के पांच वर्षीय पुत्री परी कुमारी शामिल है। दोनों पहली कक्षा के विद्यार्थी थे। इनके पिता मजदूरी कर जीविकोपार्जन करते हैं। घर से करीब 40 मीटर की दूरी पर अवस्थित छोटा तालाब में खेलते-खेलते दोनों स्नान करने के लिए तालाब में उतर गए। स्नान करने दौरान गहरे पानी में चले गए। इससे दोनों की मौत हो गई। इस बीच मृतक विवेक की मौसी वहां गई तो बाहर में पड़े कपड़े और तालाब में किसी को नहीं देख उसे शंका हुई। उसने इसकी जानकारी मोहल्ले के लोग को दी। लोगों ने तालाब में उतरकर खोजबीन की तो दोनों बच्चे मृत मिले। जीवित होने की उम्मीद लेकर परिजन उन्हें स्थानीय एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जिस तालाब के पानी डूबने से बच्चों की मौत हुई वह मनरेगा के तहत बनाई गई है। उसकी घेराबंदी नहीं की गई थी। तालाब में दस फीट से अधिक पानी है। इधर जिप सदस्य सुभाष राय ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दिया और सरकार की ओर से सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने घटना के लिए सरकारी तंत्र जिम्मेवार ठहराया। उन्होंने बीडीओ से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। एकलौता पुत्र था विवेक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बोकारो जिले के पिछरी निवासी बेनी सिंह अपने ससुराल मानसिगकुरवा में ही कई वर्षो से रह रहे है। विवेक का नाम उन्होंने पास के प्राथमिक विद्यालय लिखवाया था। नानी के घर में विवेक के माता पिता व छोटी बहन रहती है। इकलौता पुत्र के मरने से मां पिता व नानी का रो रोकर बुरा हाल है। इधर परी अपने चार बहनों में सबसे छोटी थी। उसे घर वाले बहुत प्यार करते थे ।