DMC: धनबाद नगर निगम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, हर समस्या की होगी सुनवाई
DMC आम नागरिक किसी भी समस्या के निदान के लिए इनके मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही निगम की ओर से एक टोल फ्री नंबर 1800-1211-00220 भी जारी किया गया है।
धनबाद, जेएनएन। DMC धनबाद नगर निगम के नए नगर आयुक्त का साफ-सफाई और शहर की लाइटिंग पर विशेष जोर है। यही कारण है कि उन्होंने आते ही इस पर काम करना भी शुरू कर दिया है। कोविड-19 संक्रमण के बीच साफ सफाई दुरुस्त रखने की नीयत से नगर निगम ने दो महत्वपूर्ण नंबर जारी किए हैं। इसमें एक टोल फ्री नंबर और दूसरा सामान्य मोबाइल नंबर है। दोनों ही नंबर सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक एक्टिव रहेंगे।
साफ सफाई की मॉनिटरिंग के लिए बकायदा नगर निगम ने आकस्मिक कोषांग का भी गठन किया है। यह 365 दिन प्रभावी रहेगा। इसके लिए पदाधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी दो शिफ्ट में काम करेंगे। सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक और दोपहर 2 से शाम 7 बजे तक आकस्मिक कोषांग में उपस्थित रहकर हेल्पलाइन नंबर 9060447531 पर प्राप्त होने वाली सूचनाएं रजिस्टर में दर्ज करेंगे और संबंधित पदाधिकारियों को सूचित करेंगे। ताकि इसका सही तरीके से निष्पादन हो सके।
आम नागरिक साफ-सफाई या किसी भी समस्या के निदान के लिए इनके मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही निगम की ओर से एक टोल फ्री नंबर 1800-1211-00220 भी जारी किया गया है। यहां शहर में स्ट्रीट लाइट और बिजली की अन्य समस्याओं से अवगत कराया जा सकता है। नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोषांग के लिए 20 से अधिक सहायक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी को कह दिया गया है कि समय पर उपस्थित रहें।