Jharkhand : गर्भवती महिला व युवक की हत्या कर शव रेलवे ट्रेक पर फेंका, प्रेम प्रसंग से जोड़कर हो रही जांच
इससे पहले मंगलवार की शाम को इससे थोड़ी दूरी पर एक अज्ञात गर्भवती महिला का शव बरामद किया गया। हादसे के बाद महिला के पेट में पल रहा बच्चा भी निकल गया था।
धनबाद, जेएनएन। जसीडीह-झाझा मुख्य रेल मार्ग पर तुलसीटांड़ व लाहावन स्टेशन के बीच बुधवार को रेलवे ट्रैक से एक गर्भवती महिला (30) व एक अज्ञात युवक (35) का शव बरामद किया गया। बुधवार सुबह ट्रैक पर गश्ती करने के दौरान शव दिखा। रेल पुलिस ने शव को जब्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अभी दोनों के शव की पहचान भी नहीं हो पाई थी। इससे पहले मंगलवार की शाम को इससे थोड़ी दूरी पर एक अज्ञात गर्भवती महिला का शव बरामद किया गया।
हादसे के बाद महिला के पेट में पल रहा बच्चा भी निकल गया था। मामले में संदेह होने पर पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो रेलवे पटरी से कुछ दूरी पर खून का निशान दिखा। इसे देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा कि दोनों की हत्या कर इसे हादसे का रूप देने के लिए शव को पटरी पर लाकर फेंक दिया गया है। दोनों ही शव छत-विछत हालत में मिली है। जिससे यह पता नहीं चल पा रहा है कि उनकी पीट-पीटकर हत्या की गई या फिर गला रेत कर। इस मामले को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल दोनों शव की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस संबंध में जसीडीह रेल थाना के एएसआइ राधिका रंजन ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। मौत के कारण का पता लगाया जा रहा है। दोनों की पहचान नहीं हो पाई है।