DMC: रविवार को भी खुले रहेंगे नगर निगम के दो काउंटर, होल्डिंग-वाटर टैक्स व ट्रेड लाइसेंस फीस जमा कर सकेंगे लोग
राजस्व बढ़ाने की नीयत से धनबाद नगर निगम ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। नगर आयुक्त ने बताया कि बहुत से लोग रविवार को टैक्स जमा करने की ख्वाहिश रखते थे। कुछ लोगों का प्रस्ताव भी आया था।
धनबाद, जेएनएन। राजस्व बढ़ाने की नीयत से धनबाद नगर निगम ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। हालांकि, यह भी कह सकते हैं कि राजस्व बढ़ोतरी को लेकर नगर निगम कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता है। इसीलिए होल्डिंग, वाटर टैक्स के साथ ही ट्रेड लाइसेंस के लिए रविवार को भी काउंटर खोलने का निर्णय लिया है। रविवार को नगर निगम मुख्य कार्यालय में दो काउंटर 5 और 6 नंबर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। नौकरीपेशा लोग रविवार को आराम से टैक्स जमा कर सकेंगे। इसके साथ ही निगम को राजस्व की प्राप्ति भी होगी।
अधिकतर लोग रविवार को टैक्स जमा करने की ख्वाहिश रखते थे। कुछ लोगों का प्रस्ताव भी आया था और नगर निगम ने भी सोचा रविवार को दो काउंटर खोल देने से राजस्व में बढ़ोतरी भी हो जाएगी। -सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त धनबाद।