मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर दो गिरफ्तार, झामुमो की शिकायत पर हुई कार्रवाई Dhanbad News
झामुमो महानगर अध्यक्ष देबू महतो और मंटू कुमार चौहान ने उपरोक्त युवकों के खिलाफ पुटकी थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है।
धनबाद, जेएनएन। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के मामले में पुटकी पुलिस ने विकास कुमार और अमित को गिरफ्तार किया है। इन युवकों ने सीएम सोरेन के खिलाफ अभद्र पोस्ट डाला था। इस मामले में झामुमो महानगर अध्यक्ष देबू महतो और मंटू कुमार चौहान ने पुटकी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी।
शिकायत में आरोप है कि पुटकी निवासी विकास कुमार ने फेसबुक पर गलत पोस्ट किया था। इस पर अमित कुमार वर्मा एवं शंकर कुमार ने टिप्पणी की थी। इस संबंध में झामुमो महानगर अध्यक्ष देबू महतो ने कहा कि हेमंत सोरेन राज्य के मुख्यमंत्री हैं। वे दल से ऊपर हैं। राज्य के मुखिया के लिए इस तरह की अनुचित शब्दों का इस्तेमाल ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन दोनों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री के खिलाफ फेसबुक पर पोस्ट करने और पोस्ट पर टिप्पणी करने वाले भाजपा से जुड़े बताए जाते हैं।