टुंडी में ठंड लगने से एक की मौत
संस, टुंडी : टुंडी के तराई क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड की चपेट में आने
संस, टुंडी : टुंडी के तराई क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड की चपेट में आने से बुधवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक का नाम भगुडीह गांव निवासी नंदलाल रजवार (47 वर्ष) बताया जा रहा है। प्रखंड मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर पहाड़ी तराई बृहद डैम स्थित भगुहीह में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार को पड़ोसी बुद्धदेव ¨सह की मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार में नंदलाल भी शामिल हुआ था। उस समय वह काफी कम कपड़ों में था। आशंका है कि उसी दौरान उसे ठंड लग गई होगी। पहले उसे पेचिस की शिकायत आई। वह कई बार शौच के लिए गया। परिजनों ने भी उस ओर खास ध्यान नहीं दिया। मंगलवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।
शोकाकुल परिवार में पत्नी व पांच बच्चे हैं। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रही है। वह घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।स्थानीय मुखिया रीता मिश्रा ने भी ठंड के कारण ही मौत की बात कही है। घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि सुमन मिश्रा पहुंचे एवं हर संभव सहयोग करने का अश्वासन दिया।
सूचना मिलने पर टुंडी विधायक राजकिशोर महतो ने उपायुक्त को घटना की जानकारी दूरभाष पर देते हुए पीड़ित परिजनों को मदद करने की मांग की है। विदित हो कि टुंडी इलाके में बराकर नदी बहती है। जंगली इलाका व जोरिया बहने के कारण यह इलाका अन्य क्षेत्र के अपेक्षा अधिक ठंड है। ठंड बढ़ने के बाद भी प्रशासन द्वारा अबतक रोकथाम को लेकर न तो अलाव जलाने की व्यवस्था है न ही कंबल वितरण किया गया है।