महिला को डायन बता बनाया बंधक, पुलिस ने कराया मुक्त Dhanbad News
पीड़िता घर के अंदर से अपनी जान बचाने की गुहार लगा रही थी। आदिवासियों का झुंड काफी आक्रोशित और उग्र थे। हालांकि आसपास के कुछ प्रबुद्ध लोग मनाने का प्रयास में जुटे थे।
टुंडी, जेएनएन। दक्षिणी टुंडी कटनिया पंचायत अंतर्गत कारीगरडीह गाव में बुधवार को एक वृद्ध महिला को डायन होने का आरोप लगाते हुए कुछ आदिवासियों ने उसके घर को घेर लिया। इस दौरान आदिवासियों ने डुगडुगी भी बजाई। महिला घर से निकालने का प्रयास कर रही थी परंतु उसे घर से निकलने नहीं दिया जा रहा था।
पीड़िता घर के अंदर से अपनी जान बचाने की गुहार लगा रही थी। आदिवासियों का झुंड काफी आक्रोशित और उग्र थे। हालांकि आसपास के कुछ प्रबुद्ध लोग मनाने का प्रयास में जुटे थे। आननफानन में महिला के एक रिश्तेदार ने टुंडी थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगो को समझाबुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। तभी आदिवासियों की भीड़ महिला के घर से पास से हटी। इस मामले को लेकर बताया जा रहा है कि कारीगरडीह गाव के मोटिलाल मुर्मु की बेटी बराबर बीमार रह रही थी, जिसको लेकर गुनिओझा को बुलाकर झाड़-फूंक कराया गया था। इसी क्रम में ओझा ने उक्त लड़की पर भूत सवार होने का दावा किया। झाड़ फूक के दौरान लड़की को दौड़ाया इस दौरान लड़की उसी महिला के घर के ठीक सामने गिर गई।
ओझा का कहना था महिला का भूत इसे परेशान कर रहा है। उसी के बाद आदिवासी डुगडुगी बजाकर उसके घर को घेर लिया। महिला एवं उसके परिजन डरकर अंदर से बंद कर जान बचाने की गुहार लगाने लगे। हालाकि आसपास के कुछ लोग ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया। तबतक टुंडी के थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर मौजूद थी और जाच पड़ताल कर रही थी।