Jharkhand : शराब के नशे में ट्रक चालक ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे में पंखा से लटकता मिला शव
शराब के नशे में एक ट्रक चालक ने बुधवार की रात फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के सबेजोर गांव की है।
धनबाद, जेएनएन। एक ट्रक चालक ने बुधवार की रात फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के सबेजोर गांव की है। यहां के शिशुपाल रमानी (40) ने बुधवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव उसके कमरे में पंखा से लटकता हुआ मिला। शिशुपाल वाराणसी में ट्रक चलाता था। लॉकडाउन के दौरान वह घर आ गया था और उसी समय से ज्यादातर समय घर में ही रहता था।
उसकी पत्नी तारा देवी ने बताया कि शिशुपाल को शराब पीने की बुरी लत थी। वह अकसर शराब पीकर घर में झगड़ा करता था। बुधवार की रात भी उसने शराब के नशे में झगड़ा किया। उसके बाद वह अपने कमरे में अकेले सोने चला गया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सुबह काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो घर वालों ने खिड़की खोलकर देखा तो उसका शव पंखा में एक प्लास्टिक की रस्सी से लटका था। तत्काल घटना की सूचना थाने में दी गई।
सूचना मिलने पर मधुपुर थाना से एएसआइ संजय सिंह मौके पर पहुंचे। घर वालों से पूछताछ की गई। पता चला कि पारिवारिक कलह के कारण ही उसने गुस्से में आकर आत्महत्या कर ली। एएसआइ संजय सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया ये मामला पारिवारिक कलह का लग रहा है। छानबीन में पता चला कि वह काफी शराब पीता था और घर में अकसर झगड़ा करता था।