30 के बाद धनबाद जिला प्रशासन का ऊपर से नीचे तक बदल जाएगा चेहरा
आदर्श आचार संहिता के तहत तीन साल से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों का तबादला किया जाना है। इस बाबत चुनाव आयोग ने झारखंड सरकार को निर्देश दे रखा है।
धनबाद, मृत्युंजय पाठक। 30 जनवरी के बाद धनबाद जिला प्रशासन का ऊपर से नीचे तक चेहरा बदल जाएगा। धनबाद समाहरणालय में बैठने वाले झारखंड प्रशासनिक सेवा के आधा दर्जन अधिकारियों समेत प्रखंड और अंचल में पदस्थापित दर्जनभर सीओ-बीडीओ बदले जाएंगे। इन सबके स्थान पर नए पदाधिकारियों की पदस्थापना होगी। उपायुक्त के भी बदले जाने के आसार हैं।
तीन साल से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों का होगा तबादलाः आदर्श आचार संहिता के तहत तीन साल से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों का तबादला किया जाना है। इस बाबत चुनाव आयोग ने झारखंड सरकार को निर्देश दे रखा है। चूंकि, अभी मतदाता पुनरीक्षण का काम चल रहा है। जिला मुख्यालय और प्रखंड में पदस्थापित प्रायः अधिकारी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी का दायित्व संभाल रहे हैं। एेसे में चुनाव आयोग की तरफ से 30 जनवरी तक ट्रांसफर-पोस्टिंग पर रोक है। 30 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। इसके बाद राज्य में एक ही स्थान पर तीन साल से जमे सभी अधिकारी बदल दिए जाएंगे।
धनबाद उपायुक्त को मिल सकती महत्वपूर्ण जिम्मेदारीः उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे के भी बदले जाने की चर्चा है। हालांकि उन्होंने धनबाद में तीन साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया है। जून 2019 में तीन साल पूरे होंगे। ऐसे में मई में हाने वाले लोकसभा चुनाव तक दोड्डे धनबाद में रह सकते हैं। झारखंड की भाजपा सरकार किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना शुरू की है। राज्य सरकार ने यह योजना तेलंगाना की रयथू बंधु योजना (किसानों का दोस्त) की तर्ज पर शुरू की। इस योजना का अध्ययन करने के लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पिछले महीने झारखंड के अधिकारियों का एक दल तेलंगाना भेजा था। उस दल में धनबाद के उपायुक्त भी शामिल थे। चूंकि, आंजनेयुलु दोड्डे मूल रूप में तेलंगाना के ही रहने वाले हैं। वे रयथू बंधु योजना को अच्छी तरह से समझ सकते हैं। ऐसे में चर्चा है कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के क्रियान्वयन में धनबाद के उपायुक्त को बड़ी जिम्मेदारी साैंप सकती है। वैसे संताल के एक महत्वपूर्ण जिले में भेजे जाने की भी चर्चा है।
जिन अधिकारियों का धनबाद से होगा तबादलाः अपर समाहर्ता सत्येंद्र कुमार, एडीएम सप्लाई शशि प्रकाश झा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सदात अनवर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एजाज अनवर, कार्यपालक दंडाधिकारी पूनम कच्छप, धनबाद के सीओ प्रकाश कुमार, गोविंदपुर के सीओ अनिल कुमार, बाघमारा के सीओ दीप्ति प्रियंका कुजूर, निरसा के सीओ कृष्णा मरांडी, टुंडी की बीडीओ रेणु कुमारी, झरिया के सीओ केदारनाथ सिंह, एग्यारकुंड के बीडीओ अनंत कुमार, कलियासोल के बीडीओ कालीदास मुंडा, निरसा बीडीओ मुुकेश बाउरी आदि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश की जद में हैं। इन सभी के 30 जनवरी के बाद धनबाद से दूसरे जिले में तबादला होने के पूरे आसार हैं।