Top Dhanbad News of the day, Wed, 30th October, 2019, खुले में शौच जाने को मजबूर पुलिसकर्मी, मजदूर की मौत, माफिया से मुक्ति, दंडाधिकारी के आवास में चोरी, अध्यात्म की राह पर चार्मी
पुलिसकर्मी खुले में शौच जाने को मजबूर। मजदूर की मौत। माफिया से मुक्ति के बाद ही झरिया बचेगा। महिला दंडाधिकारी के आवास में चोरी। चार्मी अध्यात्म की राह पर चल निकली।
धनबाद, जेएनएन। ओडीएफ नगर निगम क्षेत्र में पुलिसकर्मी खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। खदान के चानक का पुल्ली चक्का टूटने से मजदूर की मौत हो गई। जनसंघर्ष मोर्चा ने एक स्वर में कहा कि माफिया घरानों से मुक्ति मिलने के बाद ही झरिया बचेगा। खिड़की तोड़ कर चोरों ने महिला न्यायिक दंडाधिकारी के आवास में चोरी की घटना को अंजाम दिया। आभूषण और धन को लुटा कर चार्मी अध्यात्म की राह पर चल निकली हैं।
ओडीएफ नगर निगम क्षेत्र में खुले में शौच जाने को मजबूर पुलिसकर्मी
शहर के चर्चित वासेपुर में अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एक दशक पूर्व पुलिस पिकेट का निर्माण करवाया गया था। आज यह पुलिस पिकेट बदहाली की भेंट चढ़ गया है। आलम यह है की कि जर्जर पुलिस पिकेट में एक शौचालय तक नहीं। पुलिसकर्मियों को शौच के लिए प्रतिदिन लगभग एक किलोमीटर दूर मैदान में जाना पड़ता है। जबकि कागजों पर धनबाद जिला और धनबाद नगर निमम क्षेत्र खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) घोषित है।
खदान के चानक का पुल्ली चक्का टूटने से मजदूर की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
बीसीसीएल की पुटकी बलिहारी क्षेत्र के पानी भरे अरलगडिय़ा खदान में मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे हुई दुर्घटना में एक ठेका श्रमिक रामाशीष पासवान (48 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं बीसीसीएल कर्मी सूर्याप्रसाद महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां काम कर रहे करीब चार दर्जन मजदूर हादसे में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सूर्याप्रसाद महतो को सेंट्रल अस्पताल जगजीवन नगर में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर अन्य ठेका श्रमिकों को रोष व्याप्त है। उन्होंने घटनास्थल पर जमकर हंगामा भी किया।
चुनावी बेला में झरिया को बचाने के नाम पर गर्म हुई राजनीति
झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले झरिया की राजनीति गरमा गई है। झरिया को बचाने और माफिया से लड़ने के नाम पर गोलबंदी हो रही है। हालांकि माफिया कौन है, यह कोई बता नहीं रहा है। जनसंघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा है कि माफिया घरानों से मुक्ति मिलने के बाद ही झरिया बचेगा। जनसंघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि राजनीतिक दल के लोग पार्टी की विचारधारा से ऊपर उठकर झरिया को बचाने के लिए लड़ाई लड़ेंगे। कहा कि माफिया घरानों से मुक्ति मिलने पर झरिया बचेगा।
खिड़की तोड़ महिला न्यायिक दंडाधिकारी के आवास में चोरी
पुलिस की निष्क्रियता के कारण धनबाद में चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है। लोग जैसे ही घर में ताला बंद कर कहीं जाते हैं चोर अपना काम कर देते हैं। आम लोगों के साथ चोर अब खास लोगों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। धनबाद की प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी स्वाति विजय उपाध्याय के बेकारबांध स्थित सरकारी क्वार्टर को निशाना बनाया है। चोर क्वार्टर के पीछे की खिड़की को तोड़ प्रवेश कर गए। इसके बाद घर में रखे कीमती सामनों पर हाथ साफ किया।
आभूषण और धन को लुटा अध्यात्म की राह पर चली चार्मी
जिस उम्र में लोग भविष्य के सपने संजोते हैं। उस उम्र में जैन धर्म से जुड़ी झरिया में रहने वाली स्नातक उत्तीर्ण चार्मी सिंघवी (28 साल) तपस्या की राह पर निकल पड़ी है। इससे पूर्व सांसारिक बंधनों से मुक्त होने के लिए चार्मी ने बुधवार को वरसी दान (सांसारिक वस्तुओं यथा आभूषण और धन का त्याग) की परंपरा पूरी की। अपने माता-पिता, परिजनों और सहेलियों से सांसारिक जीवन के तहत अंतिम बार मिली। इसके साथ ही संयम अंगीकार कर सांसरिक दुनिया से दूर होकर ज्ञान पाने की राह पर चल पड़ी।