Top Dhanbad News of the day, Sun, 25 August, 2019, मुर्गा व्यवसायी की हत्या, रक्तदान जीवनदान, नगर आयुक्त का विरोध, पति और प्रेमिका हिरासत में, न्याय यात्रा
मुर्गा व्यवसायी का कुएं में मिला शव। फास्ट फॉरवर्ड ने आइएसएम में लगाया रक्तदान शिविर। ठेकेदारों ने नगर आयुक्त का किया विरोध। पारा शिक्षकों ने निकाली न्याय यात्रा।
धनबाद, जेएनएन। कालबूथान ओपी क्षेत्र के छगलिया गांव स्थित एक कुएं से रविवार को 25 दिनों से पालता दिनेश साधु का शव मिला। दिनेश की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। फास्ट फॉरवर्ड इंडिया की तरफ से IIT-ISM में रक्तदान शिविर लगाया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और पति की प्रेमिका को हिरासत में लिया। ठेका एग्रीमेंट रद करने के विरोध में धनबाद नगर निगम के नगर आयुक्त के खिलाफ ठेकेदारों ने खोला मोर्चा। झारखंड सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में पारा शिक्षकों ने निकाली न्याय यात्रा।
25 दिनों से लापता दिनेश साधु का कुएं में मिला शव
एक अगस्त को कालूबथान ओपी क्षेत्र के छगलिया गांव के जंगल के पास जोरडीह गांव निवीसी दिनश साधु की बाइक मिली थी। इसके बाद से दिनेश की तलाश की जा रही थी। इस मामले को पटाक्षेप हो गया है। रविवार को छगलिया गांव स्थित एक कुएं में दिनेश का सड़ा-गला शव मिला। इससे आस-पास के गांवों में सनसनी फैल गई। निरसा उत्तर क्षेत्र के जोरडीह निवासी दिनेश साधु का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की बात कही है। दिनेश जोराडीह में मछली व मुर्गा बेचने का का करता था। दिनेश साधु पिछले 31 जुलाई को घर से अपनी बेटी से मिलने के लिए पंचेत स्थित बांदा गांव जाने के लिए कह कर निकला था। उसके बार दूसरे दिन एक अगस्त को उसकी मोटरसाइकिल कालूबथान ओपी क्षेत्र के छगलिया गांव के जंगल में मिली थी। लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चल रहा था।
शिविर में आइआइटी-आइएसएम के छात्राओं ने किया रक्तदान
फास्ट फॉरवर्ड इंडिया की तरफ से रविवार को IIT-ISM में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रक्तदान किया। जीवन को बचाने के लिए लोगों से रक्तदान करने की अपील की। छात्र-छात्राओं ने रक्तदान को प्रेरित बैनर भी प्रदर्शित किए।
पत्नी की शिकायत पर पति और उसकी प्रेमिका हिरासत में
पाथरडीह की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर रांची की एक युवती के साथ अवैध संबंध रखने का आरोप लगाते हुए धनबाद महिला थाना में शिकायत की है। शिकायत के बाद पुलिस पति मनीष वर्मा और उसकी प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। महिला ने शिकायत में कहा है कि पति के हरकतों का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही पति ने मेरे साथ संबंध तोड़ प्रेमिका के साथ रांची में रहने लगा। पीड़िता की शादी आरोपित पति मनीष वर्मा से 2017 में हुई थी और उसका एक बेटा भी है। फिलहाल पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ठेकेदारों ने नगर निगम के खिलाफ खोला मोर्चा
रिश्वतखोरी में धनबाद नगर निगम के सहायक अभियंता मनोज कुमार को एसीबी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद ठेकेदार भी प्रभावित हुए हैं। नगर निगम ने अगले आदेश तक सारे एग्रीमेंट पर रोक लगा दिया है। ग्रुप नंबर 85 की योजनाएं रोक दी गई है। इससे ठेकेदार उहापोह की स्थिति में फंस गए हैं। एग्रीमेंट पर रोक के आदेश के खिलाफ ठेकेदारों ने निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को गांधी सेवा सदन में बैठक कर विरोध की रणनीति तैयार की। ठेकेदारों का कहना है कि नगर निगम ग्रुप-85 योजनाओं पर काम शुरु कराए। एसीबी की कार्रवाई में ठेकेदारों को क्यों घसीटा जा रहा है? अगर एग्रीमेंट बहाल नहीं किया तो हम सब आंदोलन को मजबूर होंगे।
न्याय यात्रा निकाल पारा शिक्षकों ने की आक्रोशपूर्ण सभा
राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत धनबाद के पारा शिक्षकों ने रविवार को न्याय यात्रा निकाली। गोल्फ ग्राउंड से न्याय यात्रा निकल कर कंबाइंड बिल्डिंग, सीटी सेन्टर, उपायुक्त आवास, पूजा टाकीज, कोर्ट मोड़, उपायुक्त कार्यालय होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंची। यहां यात्रा आक्रोशपूर्ण सभा में तब्दील हो गई। जिला कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी राम महतो एवं जिला सचिव मो शेख सिद्दीक ने संयुक्त रूप से कहा कि रघुवर सरकार ने जनवरी 2019 मे सरकार ओर संगठन के बीच समझौते को लागू नही कर हमारे साथ धोखा किया है।