Top Dhanbad News of the day, Monday, 14th October, 2019, पेट्रोल पंपकर्मी से लूट, स्टेशन मास्टर की मां से छिनतई, व्यवसायी ने की आत्महत्या, फूलचंद मंडल 'डेंजर जोन' में, समुद्र में खनन की तकनीक
Top Dhanbad News of the day बरवाअड्डा में पेट्रोल पंपकर्मियों से 1.73 लाख रुपये की लूट। धनबाद स्टेशन की महिला स्टेशन मास्टर की मां से छिनतई। समुद्र में खनन की तकनीक।
धनबाद, जेएनएन। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में निरंकारी चाैक पर सोमवार को अपराधियों ने पिस्टल के बल पर गणेश पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों से 1.73 लाख रुपये लूट ली। बेकारबांध में सुबह-सुबह अपराधियों ने धनबाद स्टेशन की महिला स्टेशन मास्टर की मां के गले से चेन छीनकर भाग निकले। रेलवे के अतिक्रमण हटाओ अभियान से परेशान पांडरपाला निवासी कबाड़ी दुकानदार ने आत्महत्या कर ली। विधानसभा चुनाव में सिंदरी के विधायक फूलचंद मंडल को भाजपा नेताओं से मिल रही चुनाैती। आइएसएम के पूर्ववर्ती छात्र ने समुद्र में खनन की तकनीक ईजाद की।
पिस्टल के बल पर पेट्रोल पंपकर्मियों से 1.73 लाख रुपये की लूट
धनबाद शहर से सटे बरवाअड्डा निरंकारी चाैक पर सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने गणेश पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों से पिस्टल के बल पर 1.73 लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए भाग निकले। जीटी रोड पर स्थित गणेश पेट्रोल पंप के कर्मचारी अभिजीत चाैधरी और पांडव महतो सोमवार को करीब 3.30 बजे थैली में रुपये लेकर दामकड़ा बरवा स्थित एसबीआइ शाखा में जमा कराने जा रहे थे। बाइक पांडव महतो चला रहा था। जबकि रुपये की थैली लेकर अभिजीत पीछे बैठा। थैली में 1.73 लाख रुपये थे। निरंकारी चाैक पर पहुंचते ही बाइक सवार तीन अपराधियों ने घेर लिया। लूटने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए बिरसा मुंडा पार्क रोड की तरफ से भाग निकले।
महिला स्टेशन मास्टर की मां के गले से अपराधियों ने छीनी चेन
अपराधियों ने सोमवार सुबह धनबाद स्टेशन की महिला स्टेशन मास्टर विजेता की मां शकुंतला देवी के गले की चेन झपट ली। शकुंतला देवी सोमवार सुबह मार्निंग वाक के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद वह बेकारबांध के पास मंदिर गईं। मंदिर से लाैटने के क्रम में सुनसान स्थान पर बाइक सवार अपराधियों ने घेर लिया। इसके बाद चाकू निकालकर दहशत फैलाया। शोर मचाने पर चाकू मारने की धमकी दी। इसके बाद गले की चेन छीनकर फरार हो गए। शकुंतला देवी के अनुसार बाइक पर दो युवक सवार थे। बाइक चला रहा युवक गुलाबी शर्ट पहने हुए थे।
डिप्रेशन में कबाड़ी दुकानदार ने की आत्महत्या
अतिक्रमण हटाने के नोटिस से परेशान कबाड़ी दुकानदार संजय पंडित ने रविवार की रात आत्महत्या कर ली। पंडित के परिजनों ने आत्महत्या के लिए रेलवे के अतिक्रमण हटाओ अभियान को जिम्मेदार ठहराया है। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। झरिया रेल लाइन के समीप तिवारी गली के पास संजय पंडित की कबाड़ी की दुकान है। धनबाद रेल मंडल प्रबंधक ने 12 अक्टूबर को अतिक्रमण का निरीक्षण किया। इस दाैरान दुकानों को खाली करने को कहा गया था। रेलवे की तरफ से नोटिस मिलने के बाद संजय तनाव में था। वह रविवार की रात करीब 10 बजे पांडरपाला स्थित अपने घर पहुंचा। भोजन के बाद घर के सभी लोग सो गए। सुबह चार बजे कमरे में नहीं होने पर परिजनों ने तलाश की। उसका शव किचन में गमछे के सहारे लटक रहा था। यह देख घरवाले रोने-चिल्लाने लगे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विधायक फूलचंद मंडल 'डेंजर जोन' में
धनबाद के बाद भाजपा नेताओं के लिए सर्वाधिक हॉट सीट सिंदरी विधानसभा क्षेत्र है। यहां से फूलचंद मंडल पार्टी के विधायक हैं। हाल के वर्षों में भाजपा ने सक्रिय राजनीति के लिए 75 वर्ष की आयु सीमा सख्ती से निर्धारित कर रखी है। इस पर अमल किया गया तो फूलचंद का टिकट कट सकता है। इसी कारण मंडल टिकट की कसाैटी पर 'डेंजर जोन' में हैं। यह देख लगभग आधा दर्जन नेता इस सीट पर नजरें गड़ाए हैं और अपनी दावेदारी पुख्ता करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं।
आइएसएम के पूर्ववर्ती छात्र ने ईजाद की समुद्र में खनन की तकनीक
समुद्र से सीप, शंख, मूंगा, मोती और अन्य रत्न निकाले जाने की बात तो हम सभी ने सुनी है, लेकिन अथाह जलभंडार के नीचे खनन कर अगर लोहा, कोयला जैसे खनिज निकाले जाने लगें तो इसे आप क्या कहेंगे। हो सकता है पहली बार आपको इस बात पर भरोसा न हो, लेकिन धनबाद के आइआइटी आइएसएम (इंडियन स्कूल ऑफ माइंस) के पूर्व छात्र अजीत सिंह चौधरी और उनकी टीम ने इस परिकल्पना को साकार करने का फामूर्ला पेश कर दिया है। समुद्र की अतल गहराइयों और अथाह जलराशि के भीतर खनन कर जमीन के गर्भ से खनिज निकालना कितना दुष्कर है यह बताने की जरूरत नहीं। चौधरी और उनकी टीम ने ऐसी तकनीक ईजाद की है जो समुद्र के अंदर पानी का दबाव कम करेगी।