Top Dhanbad News of the day, Thu, 11 July, 2019, रेल हादसा, साइबर अपराध, झामुमो को झटका, विधायक संजीव सिंह, विश्व जनसंख्या दिवस
वर्दमान-हटिया ईएमयू सवारी गाड़ी के ड्राइवर की सूझबूझ से टला रेल हादसा। दिल्ली में मजिस्ट्रेट के रसोइए के खाते से लाख रुपये उड़ाने का तार टुंडी से जुड़ा। विधायक संजीव सिंह की पेशी।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दिल्ली में मजिस्ट्रेट के रसोइए के खाते से लाख रुपये उड़ाने का तार धनबाद के टुंडी से जुड़ा है। निरसा विधानसभा क्षेत्र में झामुमो को भाजपा ने झटका दिया है। नीरज हत्याकांड के ट्रायल के दाैरान विधायक संजीव सिंह को कोर्ट में पेश किया गया। विश्व जनसंख्या दिवस पर निकाली गई जागरूकता रैली।
ईएमयू ड्राइवर की सूझबूझ से टला हादसा
वर्दमान-हटिया ईएमयू सवारी गाड़ी के ड्राइवर की सूझबूझ से गुरुवार को धनबाद स्टेशन रेलवे स्टेशन के नजदीक रेल हादसा टल गया। अगर ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगा गाड़ी नहीं रोकी होती तो पटरी पर काम कर रहे ट्रैकमैन चपेट में आ सकते थे। गुरुवार करीब 11 बजे वर्दमान-हटिया ईएमयू सवारी गाड़ी धनबाद आउटर पर पंपू तालाब के पास पहुंची तो ड्राइवर के होश उड़ गए। ट्रैक पर लाल झंडा लगा ट्रैकमैन काम कर रहे थे। इसकी ड्राइवर को कोई पूर्व सूचना नहीं थी। सिग्नल भी ग्रीन था। पटरी पर लाल झंडा देख ड्राइवर ने ब्रेक लगा गा़डी़ रोक दी। इस बात को लेकर ड्राइवर और ट्रैकमैनों के बीच विवाद हुआ।
दिल्ली के मजिस्ट्रेट के रसोइए के खाते से एक लाख की निकासी का तार टुंडी से जुड़ा
साइबर अपराधियों ने दिल्ली के एक मजिस्ट्रेट के रसोइए के खाते से लाख रुपये की निकासी कर ली। मजिस्ट्रेट से जुड़ा मामला होेन के बाद दिल्ली पुलिस रेस हुई। इसके बाद साइबर अपराधी की खोज में दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड के लुकैया गांव पहुंची। हालांकि पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। निराश होकर स्पेशल टीम बुधवार की रात दिल्ली लाैट गई। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम की जांच में पता चला है कि मजिस्ट्रेट के रसोइए के खाते से निकासी करने में मुकेश बेसरा के नाम से जारी मोबाइल सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया है। वह धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड के लुकैया गांव का निवासी है। मुकेश तक पहुंचने के लिए बुधवार को दिल्ली पुलिस की टीम लुकैया पहुंची। जहां टीम के सदस्यों ने मुकेश बेसरा नामक युवक की तलाश की। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि लुकैया गांव में इस नाम का कोई युवक नहीं रहता है।
निरसा में झामुमो को लगा झटका, उत्पल भाजपा में
झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 के दाैरान निरसा विधानसभा क्षेत्र में विजय पताका लहराने में जुटी भाजपा ने सदस्यता अभियान के प्रारंभ में ही झामुमो को झटका दिया है। झारखंड प्रदेश भाजपा प्रशिक्षण प्रमुख गणेश मिश्र के सामने झामुमो नेता अशोक मंडल के करीबी उत्पल चक्रवर्ती अपने समर्थकों के साथ बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख गणेश मिश्र ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
विधायक संजीव सिंह की कोर्ट में हुई पेशी
जेल में बंद झरिया से भाजपा विधायक संजीव सिंह की गुरुवार को धनबाद कोर्ट में पेशी हुई। कांग्रेस नेता नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के मामले में विधायक को ट्रायल कोर्ट में पेश किया गया। इस दाैरान धनबाद कोर्ट में बड़ी संख्या में विधायक समर्थक उपस्थित थे। विधायक को सजा दिलवाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए नीरज सिंह के परिजन और समर्थक भी कोर्ट में उपस्थित थे। इस कारण तनाव का माहाैल बना रहा।
विश्व जनसंख्या दिवस पर निकली जागरूकता रैली
गुरुवार को विश्व जनसंख्या दिवस था। इस माैके पर धनबाद के सिविल सर्जन कार्यालय से जागरूकता रैली निकाली गई रैली। इसमें काफी संख्या में सेविका, सहायिका, पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। इसके बाद स्वास्थ्य मेला पखवारा का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ विधायक राज सिन्हा ने किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए अभिशाप बनता जा रहा है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि जनसंख्या को नियंत्रित करने में सहयोग करें। इसके लिए सरकार परिवार नियोजन पखवारा चला रही है। जिसमें बंध्याकरण नसबंदी सहित तमाम परिवार नियोजन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार की ओर से लाभुकों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है। इसका लाभ उठाना चाहिए।