Dhanbad Weather Forecast: जुलाई में धोखा दे रहा मानसून, आज गरज के साथ हल्की बारिश के आसार
Rain In Dhanbad धनबाद में जुलाई की बारिश बेहद कम रही। एक जून से 21 जुलाई तक सामान्य बारिश और मूल बारिश का अंतर सिर्फ 28% रहा। बढ़ोतरी भी इस महीने की नहीं है। पिछले महीने की सरप्लस बारिश के कारण यह अंतर दिख रहा है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। जुलाई लगभग विदाई लेने को है। पर एक दिन भी अच्छी बारिश इस महीने नहीं हुई। धनबाद के साथ-साथ पूरे झारखंड में जुलाई में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे रहा। बीच-बीच में हुई छिटपुट बारिश भी मानसून के बजाय पश्चिमी विक्षोभ के बादलों ने कराए। गुरुवार को भी धूप-छांव के बीच हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार-पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। फिलहाल मानसूनी बादलों की श्रृंखला अमृतसर से जमशेदपुर होकर बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अगले 48 घंटे में लो प्रेशर में बदल सकता है जिससे लो प्रेशर के दायरे वाले इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
सामान्य और मूल बारिश में अब सिर्फ 28% का फासला
धनबाद में जुलाई की बारिश बेहद कम रही। एक जून से 21 जुलाई तक सामान्य बारिश और मूल बारिश का अंतर सिर्फ 28% रहा। बढ़ोतरी भी इस महीने की नहीं है। पिछले महीने की सरप्लस बारिश के कारण यह अंतर दिख रहा है। अब तक 433.8 एमएम बारिश होनी चाहिए थी जो 553.5 एमएम है।
धनबाद में सबसे पहले आया था मानसून
झारखंड में सबसे पहले मानसून धनबाद आया था। पश्चिम बंगाल की तरफ से धनबाद होते हुए झारखंड में जून के दूसरे सप्ताह में प्रवेश किया। इसके बाद बाद लगातार कई दिनों तक बारिश हुई। आगाज अच्छा रहा। लेकिन जुलाई महीने में मानसून निष्क्रिय हो गया। आम लोगों को झमाझम बारिश का इंतजार है। बारिश नहीं होने से तापमान में बहुत कमी नहीं है। लोगों को उमस का सामना करना पड़ रह है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होगी।
- 25 जुलाई तक का संभावित तापमान
- गुरुवार अधिकतम 35 न्यूनतम 25
- शुक्रवार अधिकतम 33 न्यूनतम 25
- शनिवार अधिकतम 34 न्यूनतम 26
- रविवार अधिकतम 35 न्यूनतम 26