Coronavirus Dhanbad News Update: धनबाद में फिर मिले 5 कोरोना पॉजिटिव, अब तक 177; जानें ताजा हाल
एक मरीज कोलकाता का रहने वाला है। वह वाहन चालक है। पिछले दिनों वह कुछ लोगों को लेकर धनबाद आया था। इस दाैरान उसका स्वाब लिया गया था। अब रिपोर्ट आई है।
धनबाद/ रांची, जेएनएन। Coronavirus Dhanbad News Update धनबाद में बुधवार को पांच नए कोरोना मरीज मिले हैं। इसी के साथ धनबाद में कोरोना केस की संख्या 177 हो गई है। इनमें 118 स्वस्थ हो चुके हैं। पांचों मरीजों की केस हिस्ट्री चिंतित करने वाली है। इनमें तीन तो एक संक्रमित मरीज के परिवार के सदस्य हैं। इससे साफ हो गया है कि यहां कोरोना का सामुदायिक संक्रमण हो रहा है। चाैथा मरीज भी सामुदायिक संक्रमण की चपेट में आया है। पांचवां मरीज अपना मोबाइल बंद कर लिया है। उससे स्वास्थ्य विभाग संपर्क नहीं कर पा रहा है।
बुधवार को पीएमसीएच की ओर से जारी कोरोना जांच रिपोर्ट में पांच पॉजिटिव निकला है। पिछले दिनों बोकारो के बैंक ऑफ महाराष्ट्रा में कार्यरत धनबाद के भुईफोड़ निवासी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसके परिवार के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। चाैथा भूली यहिया कॉलोनी का रहने वाला है। वह रेल अस्पताल में भर्ती था। पांचवें मरीज के बारे में बताया जा रहा है कि वह कोलकाता का रहने वाला है। वह वाहन चालक है। पिछले दिनों वह कुछ लोगों को लेकर धनबाद आया था। इस दाैरान उसका स्वाब लिया गया था। अब रिपोर्ट आई है। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को उससे संपर्क करने की कोशिश की। जब उसके रिपोर्ट की जानकारी दी गई तो उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया है।
झारखंड में सक्रिय केस की संख्या घटकर हुई 575
झारखंड में कोरोना के मरीज लगातार वायरस को शिकस्त देते हुए ठीक हो रहे हैं। बुधवार को भी 47 मरीज स्वस्थ हुए। इधर, सर्विलास में तेजी लाते हुए 31 नए संक्रमित की पहचान भी की गई है। बुधवार को धनबाद में पांच, पूर्वी सिंहभूम में पांच, हजारीबाग तथा गढ़वा में चार-चार, रांची में तीन, साहिबगंज तथा पाकुड़ में दो-दो, गुमला, लोहरदगा, दुमका, गोड्डा, बोकारो में एक-एक नए संक्रमित की पहचान हुई। वहीं, पूर्वी सिंहभूम तथा गुमला में 11-11, बोकारो में सात, जामताड़ा में पांच, देवघर तथा लातेहार में चार-चार, पलामू, रामगढ़ में दोसिमडेगा तथा रांची में एक-एक मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए। लातेहार में अब सभी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में सक्रिय केस की संख्या अब घटकर 575 हो गई है। कोरोना के कुल मामले 2521 हो गए हैं जिनमें 1931 स्वस्थ हुए हैं।