मुकदमे की वापसी के लिए भाजपा नेत्री के पीछे पड़े विधायक के गुंडे
भाजपा नेत्री द्वारा कतरास थाना में की गई लिखित शिकायत में कहा गया कि विधायक के खिलाफ शिकायत करने के बाद सुबह से ही घर के सामने गली में संदिग्ध लोगों का आना जाना शुरू हो चुका है।
कतरास, जेएनएन। बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो के खिलाफ यौन शोषण के प्रयास की शिकायत वापस लेने के लिए कतरास की भाजपा नेत्री के पति को शनिवार को पिस्तौल सटाई गई। जान माल पर खतरा की आशंका जताते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग करने के लिए भाजपा नेत्री अपने पति के साथ कतरास थाना गई थी। लिखित शिकायत दी। फिर वापस घर आ रही थी तो भाजयुमो अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता ने उनके पति को पिस्तौल सटा दिया। धमकी दी कि विधायक पर किया केस नहीं उठाया तो जान से हाथ धोना पड़ेगा, कतरास में रहना मुश्किल हो जाएगा। इसके बाद भाजपा नेत्री ने पिस्तौल सटाने की कतरास पुलिस को मौखिक शिकायत की है।
भाजपा नेत्री द्वारा कतरास थाना में की गई लिखित शिकायत में कहा गया कि विधायक के खिलाफ शिकायत करने के बाद सुबह से ही घर के सामने गली में संदिग्ध लोगों का आना जाना शुरू हो चुका है। वे अश्लील शब्द बोल रहे हैं। कई धमकी ने भरे अंदाज में कहा कि विधायक पर केस करना ठीक नहीं होगा। भाजपा नेत्री ने लिखित शिकायत में कहा कि उन संदिग्ध चेहरे को कतरास शहर में कई बार देखी है। चेहरा देख कर पहचान सकती है। विधायक दबंग हैं। उन लोगों की गलत हरकत और मंशा से पूरा परिवार दहशत में है, खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। इस मसले पर धर्मेंद्र गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया। मोबाइल बंद मिला।
जान माल पर खतरा की शिकायत करने के बाद थाना से घर जा रही थी तो धर्मेंद्र गुप्ता ने चौक पर अपनी बुलेट को बाइक में सटाया। गिरते गिरते बची। फिर पिस्तौल निकाल उनके पति से सर से सटा दिया। धमकी दी है। इसकी पुलिस से मौखिक शिकायत की गई है।
-शिकायतकर्ता भाजपा नेत्री, कतरास
भाजपा नेत्री की शिकायत मिली है। पीडि़ता से पुलिस ने पूछताछ की है। शिकायत पर जांच पड़ताल शुरू की गई है।
-संजय कुमार, थाना प्रभारी, कतरास