दिव्यांग नाबालिग से दुष्कर्म में दोषी को दस साल की कैद
अभियोजन का संचालन अपर लोक अभियोजक ओम प्रकाश तिवारी ने करते हुए कुल दस गवाहों का परीक्षण कराया था।
धनबाद, जेएनएन। नाबालिग के साथ दुराचार करने के आरोपित लछाईडीह टुंडी निवासी इस्लाम अंसारी को पोक्सो एक्ट के विशेष न्यायाधीश पीयूष कुमार की अदालत ने दस वर्ष की कैद एवं पचीस हजार रुपये जुर्माना से दंडित किया है। छह जुलाई को अदालत ने इस्लाम अंसारी को दोषी करार दिया था। अदालत ने सजा के बिंदू पर सुनवाई के लिए 12 जुलाई की तारीख निर्धारित की थी। हालांकि अदालत ने आरोपित को पोर्नोग्राफी एक्ट के तहत लगे आरोप से बरी कर दिया था।
अभियोजन का संचालन अपर लोक अभियोजक ओम प्रकाश तिवारी ने करते हुए कुल दस गवाहों का परीक्षण कराया था। तीन मई 2017 को पीड़िता सुबह सात बजे शौच करने तालाब गई थी। उसी वक्त पहले से घात लगाये इस्लाम अंसारी ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ दुराचार किया। वह पीड़िता को उसके विकलांग भाई को चाकू मार देने का भय दिखाकर पहले भी यौन शोषण करता था। इस क्रम में उसने अश्लील वीडिओ भी बना लिया था। पीड़िता की शादी उसके घर वालों ने कतरास मे तय कर दी थी।
इस्लाम अंसारी ने रिश्तेदारों को राजगंज बुलाया और उन्हें पीड़िता का अश्लील वीडीओ दिखा दिया था। इस कारण दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। हंगामे पर पुलिस ने इस्लाम अंसारी को पकड़ा था। हालांकि बाद में उसे थाना से छोड़ दिया गया था। पीड़िता के पिता ने जब इस्लाम अंसारी के घर वालों को दी तो उसके घर वालों ने पीड़िता के पिता के साथ मारपीट की थी। इस्लाम अंसारी ने धमकी देते हुए कहा था कि कलमा पढ़ाकर निकाह कर घर ले आएंगे। पीड़ित के पिता की शिकायत पर टुंडी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
ड्रग तस्करी में सात साल की कैद, एक लाख जुर्माना
मादक पदार्थ हेरोइन के साथ रंगेहाथ पकड़े गए मनईटांड़ निवासी लखन साव को जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद सलीम फातमी की अदालत ने सात वर्ष की कठोर कारावास एवं एक लाख रुपये जुर्माना से दंडित किया है। छह जुलाई को अदालत ने लखन को दोषी करार देते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 12 जुलाई की तारीख निर्धारित कर दी थी। 20 अगस्त 2014 को बैंक मोड़
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पुराना बाजार काली मंदिर के निकट कुछ लोग ड्रग्स का कारोबार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस पुराना बाजार पहुंची थी। पुलिस को आते देख कुछ लोग वहां से भागने लगे। इनमें से एक को पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ा था। धरे गए व्यक्ति के पास से पुलिस ने 22 हजार कीमत की 200 पुड़िया हेरोइन बरामद किया था।