Positive India: यहां के मंदिर-मस्जिदों में एक समान नित्य पावन सुमिरन, गूंज रहे कोरोना कष्ट हरण मंत्र
55 पंचायतों के मंदिर-मस्जिद से लॉकडाउन अनुपालन की अपील की जाती है। सुरक्षित शारीरिक दूरी के साथ अलग-अलग रहने की एकताबद्ध अपील कोरोना को हरा देगी इसका सबको भरोसा है।
गिरिडीह [ ज्ञान ज्योति ]। झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड की गदर पंचायत। यहां का मंदिर हो या मस्जिद- दोनों में धार्मिक विधान हो रहे हैं। पर, एक बात दोनों में समान है। दोनों ही श्रद्धा स्थलों से कोरोना को हराने का संदेश दिया जा रहा है। मंदिर से मुखिया ब्रह्मदेव शर्मा तो बड़ी मस्जिद गदर से मौलाना मो. याकूब माइक से कोरोना से बचाव की रोज जानकारी देते हैं। शारीरिक दूरी का पालन करने और बेवजह घर से नहीं निकलने की अपील करते हैं।
सिर्फ गावां ही नहीं बल्कि तिसरी और धनवार प्रखंड में भी ऐसी ही मुहिम चल रही है। इन प्रखंडों की करीब 55 पंचायतों में ऐसी पहल हो रही है। सुरक्षित शारीरिक दूरी के साथ अलग अलग रहने की एकताबद्ध अपील कोरोना को हरा देगी, इसका सबको भरोसा है।
... और ऐसे शुरू हो गई मुहिम
दरअसल, कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देख यूनिसेफ और वर्ल्ड विजन इंडिया ने इससे बचाव के उपाय बताने को पंचायत और प्रखंड स्तर पर कोविड-19 रिस्पांस नाम से वाट्सएप ग्रुप बनाए। इनमें मुखिया, पंचायत सचिव, नोडल शिक्षक, वार्ड सदस्य, जल सहिया, सहिया, सेविका, सहायिका, पोषण सखी, सामाजिक कार्यकर्ता व प्रबुद्ध लोगों को जोड़ा गया। ग्रुप में कोरोना से बचने को क्या उपाय करें, इससे संबंधित वीडियो भी पोस्ट किए गए। ग्रुप के सदस्यों ने यह जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई। इसके बाद इलाके के ग्रामीण ऐसे जागरूक हुए कि धर्मस्थलों से भी ऐसी अपील की शुरुआत कर दी। गावां निवासी ग्रामीण इब्राहिम अंसारी और धनवार के राजेंद्र वर्णवाल ने बताया कि धर्म में हम सभी को अपार आस्था है। धर्मस्थलों से जब कोई अपील होती है तो उसका असर गहरा होता है। बस ग्रामीणों ने तय कर लिया कि यहां से भी अपील होगी। जो इसे सुनता है वह इसका पालन भी करता है। हम सभी कोरोना वायरस को हराने के लिए सुरक्षित शारीरिक दूरी, सफाई, लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं।
अभियान का मकसद लोगों को कोरोना से बचाना है। लोग जागरूक हुए हैं। महामारी से बचने के हर उपाय कर रहे हैं। सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन कर स्वच्छता के प्रति सजग हुए हैं।
-गजाधर सिंह, वाश फैसिलिटेटर, वर्ल्ड विजन इंडिया, गिरिडीह