Giridih Naxalite News: पूर्व सीएम के बेटे समेत 20 के हत्यारोपी की वीसी से हुई पेशी, जमुई जेल में बंद है नक्सली सुरंग
Giridih Naxalite News साल 2007 में देवरी थाना क्षेत्र के चिलखारी में हुए नरसंहार में 20 लोगों की हत्या नक्सलियों ने की थी।
गिरिडीह, जेएनएन। Giridih Naxalite News झारखंड-बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सली दहशत के पर्याय सुरंग यादव पर गिरिडीह न्यायालय में मुकदमा चलने लगा है। मंगलवार को न्यायिक दंडाधिकारी निशिकांत की अदालत में तीन मामलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उसे पेश किया गया। नक्सली सुरंग यादव फिलहाल जमुई जेल में बंद है। गिरिडीह में सुरंग पर भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी के पुत्र समेत चालीस से अधिक लोगों की हत्या का आरोप है।
साल 2007 में तत्कालीन देवरी थाना क्षेत्र के चिलखारी में हुए नरसंहार में 20 लोगों की हत्या नक्सलियों ने की थी। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के पुत्र अनूप मरांडी की भी नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुरंग पर इसके अलावा जिले में दर्जनों नक्सली हिंसा में शामिल रहने का आरोप है। जमुई पुलिस के समक्ष सरेंडर करनेवाले इस नक्सली पर बिहार व झारखंड में कई मामले दर्ज हैं। दो साल पूर्व सरेंडर करनेवाले इस इनामी नक्सली को चिलखारी नरसंहार में पुलिस पेश नहीं करा सकी।
बीते दिनों दैनिक जागरण में छपी खबर पर एसपी अमित रेणु ने संज्ञान लेते हुए पुलिस को निर्देशित किया था। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। जिले में चालीस लोगों को नक्सली हिंसा का शिकार बनानेवाले सुरंग को हाजिर कराने को भेलवाघाटी थाना की पुलिस ने न्यायालय में आवेदन दिया था। अब सुरंग के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा चलाया जाएगा। इन तीनो मामलों में भेलवाघाटी पुलिस कब तक आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल करेगी। आरोप पत्र दाखिल होने के बाद ही मामले को बढ़ाया जाएगा।