विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand News: धनबाद में कोयला अवैध खनन को लेकर फिर दो गुटों में तकरार, एक की गोली से हत्‍या, जांच जारी

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Tue, 15 Aug 2023 07:26 AM (IST)

Jharkhand News धनबाद में अवैध कोयला खनन को लेकर जीतपुर अस्पताल कालोनी निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार सिंह की गोली ...और पढ़ें

कोयले के अवैध खनन को लेकर धनबाद में फिर गोलीबारी।
कोयले के अवैध खनन को लेकर धनबाद में फिर गोलीबारी।

संवाद सहयोगी, अलकडीहा। Jharkhand News: कोयले के अवैध खनन को लेकर वर्चस्व की लड़ाई में जीतपुर अस्पताल कालोनी निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उस पर धारदार हथियार से भी वार किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची।

हत्‍या में किसी महिला के शा‍मिल होने की भी आशंका

जोड़ापोखर थाना क्षेत्र की लक्ष्मी कालोनी में शिवमंदिर के पास रविवार की रात लगभग एक बजे यह घटना हुई। घटनास्थल से युवक की बाइक व दो जोड़ी चप्पल बरामद की गई। उसके पिता सेवानिवृत्तकर्मी अशोक सिंह ने सात को नामजद किया है।

आरोपितों में जगदीश पासवान, विशाल नोनिया, शिवा, सोनकमल, जिशू सिंह, दो अन्य व 10 अज्ञात हैं। उन्होंने हत्या में किसी महिला के भी शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अवैध कोयला खनन को लेकर था दो गुटों में विवाद

भूलन बरारी पंखा घर के समीप एक अवैध खदान में खनन कराने को लेकर अमित और उसके साथियों के साथ लक्ष्मी कालोनी के एक अवैध कोयला खनन करने वाले गुट का एक पखवाड़े से विवाद था। दोनों गुटों ने दहशत फैलाने के लिए दो बार हवाई फायरिंग भी की थी।

इसके बाद उनमें समझौता हो गया। रविवार की रात करीब 12.30 बजे मंदिर के समीप अमित अपने साथियों के साथ था। वहां दूसरे गुट का जगदीश अपने साथियों के साथ पहुंचा। इस दौरान पुराने मामले को लेकर फिर बहस हो गई और मारपीट होने लगी।

जगदीश गुट के किसी सदस्य ने हवा में फायरिंग की। गोली चलते ही अमित के साथी फरार हो गए। उसके बाद जगदीश के साथियों ने अमित की हत्या कर दी। पुलिस घटनास्थल के एक किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरे से सुराग लेने का प्रयास कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अमित रोज मंदिर में बैठकी करता था। उसकी कनपटी में गोली मारी गई। हालांकि, पुलिस पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस का कहना था कि खोखा बरामद नहीं हुआ है। इधर अशोक सिंह का कहना था कि फोन पर किसी के बुलाने पर रात लगभग 11 बजे पुत्र घर से निकला था। जिसने बुलाया, उसी ने हत्या करवाई। 

अमित की हत्या आपसी रंजिश का परिणाम है। हत्या में तलवार या धारदार हथियार का प्रयोग किया गया है। गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना में मुहल्ले के कुछ लोगों के शामिल होने की आशंका है। जांच की जा रही है-विनोद उरांव, जोड़ापोखर थाना प्रभारी।