भौंरा में मुख्य सड़क काटने से भड़के लोग, किया हंगामा
भौंरा पूर्वी झरिया क्षेत्र के भौंरा साउथ कोलियरी फोर ए पैच आउटसोर्सिग परियोजना विस्तारीकरण के लिए भौंरा नीचे जहाजटांड़ बस्ती की मुख्य सड़क को काटने के बाद गुरुवार को बस्ती के लोग भड़क गए।
भौंरा : पूर्वी झरिया क्षेत्र के भौंरा साउथ कोलियरी फोर ए पैच आउटसोर्सिग परियोजना विस्तारीकरण के लिए भौंरा नीचे जहाजटांड़ बस्ती की मुख्य सड़क को काटने के बाद गुरुवार को बस्ती के लोग भड़क गए। पार्षद चंदन महतो व झामुमो नेता शंकर रवानी के नेतृत्व में लोगों ने जमकर विरोध व हंगामा किया। लोग नीचे बस्ती के लिए आवागमन को वैकल्पिक सड़क की मांग कर रहे थे। नेताओं का कहना है कि पहले सड़क काटकर भौंरा बाजार जहाजटांड ऊपर बस्ती को अलग कर दिया। अब नीचे बस्ती की सड़क को भी तोड़ दिया गया। पहले सड़क को तोड़ने का भी काफी विरोध हुआ था। उस वक्त प्रबंधन ने तीन महीने के अंदर बस्ती जाने के लिए वैकल्पिक सड़क की पक्कीकरण व पर्याप्त लाइट लगाने का लिखित समझौता किया था। लेकिन अभी तक पक्की सड़क नहीं बन पाई है। इससे स्कूली बच्चों व आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। आंदोलन की सूचना पाकर महाप्रबंधक गणेश चंद्र साहा मौके पर पहुंचे। शाम को आंदोलनकारियों से कार्यालय में वार्ता की। महाप्रबंधक ने कहा कि डेढ़ महीने के अंदर कच्ची सड़क पर काम चालू करा दिया जाएगा। नीचे बस्ती के थ्री पिट के बगल से वैकल्पिक सड़क की व्यवस्था की जाएगी। जीएम के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। वार्ता में कोकसं के सुभाष महतो, खेमलाल महतो, योगेंद्र महतो, रामचंद्र महतो, दिलीप महतो, युधिष्ठिर महतो, दिनेश महतो, अशोक महतो, सुरेन्द्र महतो, मनोज रवानी, डीएन सिंह आदि थे।