खिड़की तोड़ महिला न्यायिक दंडाधिकारी के आवास में चोरी, जांच में जुटी पुलिस Dhanbad News
न्यायिक दंडाधिकारी स्वाति विजय उपाध्याय फिलवक्त धनबाद से बाहर हैं। क्वार्टर में ताला लगा हुआ है। इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने घटना को अंजाम दिया।
धनबाद, जेएनएन। पुलिस की निष्क्रियता के कारण धनबाद में चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है। लोग जैसे ही घर में ताला मार कहीं जाते हैं चोर अपना काम कर देते हैं। आम लोगों के साथ चोर अब खास लोगों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। अबकी धनबाद की प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी स्वाति विजय उपाध्याय के बेकारबांध स्थित सरकारी क्वार्टर को निशाना बनाया है। चोर क्वार्टर के पीछे की खिड़की को तोड़ प्रवेश कर गए। इसके बाद घर में रखे कीमती सामनों पर हाथ साफ किया।
न्यायिक दंडाधिकारी स्वाति विजय उपाध्याय फिलवक्त धनबाद से बाहर हैं। क्वार्टर में ताला लगा हुआ है। इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने घटना को अंजाम दिया। खिड़की से घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने दो अलमारी को तोड़ डाला। उसमें रखे सामानों को निकाल लिया। हालांकि चोरों ने किस-किस और कितने के माल-असबाब की चोरी की है, इसका पता न्यायिक दंडाधिकारी के धनबाद आने के बाद ही पता चल सकेगा। न्यायिक दंडाधिकारी के स्टॉफ ने बुधवार को धनबाद थाना में जाकर घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है। न्यायिक दंडाधिकारी का मामला होने के कारण पुलिस रेस है। इस घटना के बाद धनबाद शहर के बीच सरकारी आवास में रहने वाले अधिकारी भी अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंचित हैं।