Battle of Defense-2: फिल्म 'बैटल ऑफ डिफेंस-2' के लीड रोल में हजारीबाग की स्टेफी पटेल, कर रहीं इंटरनेशनल डेब्यू
फिल्म बैटल ऑफ डिफेंस-2 युद्धग्रस्त देश जहाही में रहने वाले एक चीनी अंगरक्षकों के दल की कहानी है। मोरक्को यिनचुआन और बीजिंग में इसकी शूटिंग हुई है।
धनबाद, [आशीष सिंह]। झारखंड की धरती प्राकृतिक संपदा ही नहीं, प्रतिभा की भी धनी है। हाल के कुछ वर्षों में रुपहले पर्दे पर धनबाद के जीशान कादरी, म्यांग चांग, मधुरिमा तुली, जमशेदपुर के इम्तियाज अली ने अपनी अभिनय क्षमता से देश को रूबरू कराया है। अब हजारीबाग की स्टेफी पटेल ने महज 24 साल की उम्र में ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसके लिए बड़े-बड़े कलाकार वर्षों तक मेहनत करते हैं। झारखंड की बेटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म 'बैटल ऑफ डिफेंस-2' में मुख्य भूमिका मिली है। वे इस फिल्म से अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर रही हैं।
स्टेफी पटेल ने फोन पर बताया कि फिल्म इसी माह रिलीज होगी। इसकी शूटिंग मोरक्को, यिनचुआन और बीजिंग में हुई है। फिल्म के निर्देशक झी यूंपेंग और निर्माता यू मियाओ हैं। 'बैटल ऑफ डिफेंस-2' की चीन के अंगरक्षकों की कहानी है, जो युद्धग्रस्त देश जहाही में रहते हैं। नए साल पर अपने घर जाने के लिए वे कई पस्थितियों से जूझते हैं। इसके साथ ही स्टेफी जनवरी 2021 में साउथ के सुपरस्टार अरुण विजय के साथ तमिल फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू करने जा रही हैं। इसकी शूटिंग चल रही है।
स्टेफी ने बताया कि जल्द ही राजपाल यादव के साथ बॉलीवुड फिल्म लव स्ट्रीट भी रिलीज होने वाली है। इसके अलावे पिछले वर्ष सितंबर में रिलीज हुई महिला प्रधान तेलगू फिल्म निन्नू थालाची में भी लीड रोड निभाया था। यह फिल्म ओटटी प्लेटफार्म अमेजन प्राइम पर है। हाल ही में साउथ कोरिया में पावर इन्फ्लुएंशियल एक्ट्रेस 2020 का अवार्ड मिला। बता दें कि स्टेफी पटेल 2016 में मिस टीन इंटरनेशनल का खिताब जीत चुकी हैं और फेमिना मिस इंडिया 2018 के टॉप-5 में भी जगह बनाई थी।
ऐसे मिला इंटरनेशनल ब्रेक : स्टेफी ने बताया कि बैटल ऑफ डिफेंस-2 एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म है। फिल्म के लीड रोड के लिए निर्माताओं को एक हॉलीवुड अभिनेत्री चाहिए थी। इसके लिए पूरे विश्व से प्रोफाइल ढूंढ रहे थे। थाईलैंड, साउथ कोरिया और भारत से भी फ्रेश चेहरे की तलाश की। मुंबई की एक भारतीय एजेंसी के जरिए भारत से भी कुछ प्रोफाइल देखा। इस एजेंसी के जरिए मेरा प्रोफाइल गया, ऑनलाइन ऑडिशन भी हुआ। इसके बाद निर्देशक झी यूंपेंग ने मुझे फाइनल कर लिया। मुंबई के कॉस्टिंग डायरेक्टर दिनेश सोई ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शूटिंग के दौरान काफी मजा आया। सह कलाकारों का काफी सहयोग मिला। अभी फिलहाल हजारीबाग में हैं। लॉकडाउन की वजह से यहीं आ गई। जल्द ही तमिल फिल्म की बाकी की शूटिंग के लिए साउथ रवाना होंगी। मेरा ख्वाब है कि अच्छे कंटेंट वाली फिल्में करूं, जो समाज को एक सकारात्मक संदेश दे सके। और एक दिन ऑस्कर अवार्ड लूं।
बैडमिंटन की अच्छी खिलाड़ी, कराटे में ब्राउन बेल्ट होल्डर: स्टेफी ने 19 साल की आयु में 2016 में मिस टीन इंटरनेशनल 2016 (ब्यूटी कंपटिशन) का खिताब अपने नाम किया था। थाइलैंड के चियांगमै में 52 देशों की ब्यूटीज को पछाड़ा था। इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। स्टेफी पटेल कई सीरियल में भी काम कर चुकी हैं। इनमें सावधान इंडिया, वी चैनल, डीडी बिहार आदि शामिल है। मशहूर फैशन डिजाइनर अर्चना कोचर और मिर्जा के फैशन शो में नजर आ चुकी हैं। स्टेफी अच्छी बैडमिंटन खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने नेशनल लेवल पर झारखंड का प्रतिनिधित्व किया है। हजारीबाग के माउंट कार्मल से स्कूलिंग, डीएवी स्कूल से 12वीं, दिल्ली विवि से अंग्रेजी में स्नातक की पढ़ाई की। स्टेफी सामाजिक गतिविधियों में भी हिस्सा लेती हैं। स्टेफी ने बताया कि खाली समय में स्पोर्ट्स बाइक की सवारी करना पसंद है। मार्शल आर्ट और कराटे की ब्राउन बेल्ट होल्डर भी हैं। फैशन की दुनिया में महज पांच साल की उम्र से पहचान बनानी शुरू की। स्टेफी बताती हैं कि उनके सारे ड्रेस मां माधुरी सिन्हा डिजाइन करती हैं। पिता अमरेंद्र कुमार पेशे से इंजीनियर और मां ब्यूटी पार्लर संचालिका हैं।