यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 15, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एसएनएमएमसीएच की 24 एकड़ जमीन की होगी घेराबंदी
एसएनएमएमसीएच की 24 एकड़ जमीन की घेराबंदी की जाएगी। इसके लिए चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी जद में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद : एसएनएमएमसीएच की 24 एकड़ जमीन की घेराबंदी की जाएगी। इसके लिए चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी जद में स्टील गेट का सब्जी बाजार, खटाल, शनि मंदिर सहित अन्य कई निर्माण आएंगे। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर सहयोग करने की अपील की है। दरअसल, इस 24 एकड़ जमीन पर सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही कई और ब्लॉक और भवन इस पर बनाए जाएंगे। लेकिन अभी स्टील गेट के पास इस जमीन पर काफी अतिक्रमण है। जिस कारण धनबाद में सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल को धरातल पर उतरने में देर हो रही है। अस्पताल के नोडल प्रभारी डॉ एसके सिन्हा ने बताया कि जमीन खाली हो जाने के बाद सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल बनने में काफी तेजी आएगी। इसमें कई बेहद महत्वपूर्ण विभाग बनाने हैं।
सब्जी पट्टी के पास बनेगा कैंसर ब्लॉक, खटाल के पास ट्रामा सेंटर
डॉ. सिन्हा ने बताया कि सब्जी पट्टी की जमीन को कैंसर ब्लॉक के लिए चिन्हित किया गया है। यह एक बड़ा सेटअप तैयार किया जाना है। जबकि शनि मंदिर और खटाल के पास ट्रामा सेंटर के लिए जगह चिन्हित किया गया है। लेकिन यहां पर जमीन खाली नहीं कराया जा सका है। चारों ओर काफी अतिक्रमण है। इससे पहले भी जिला प्रशासन को अतिक्रमण हटाने के लिए सहयोग की अपील की गई थी, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हो पाई थी। धनबाद वासियों को मिलेगी बेहतर सेवा : सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पूर्ण रूप से खुलने के बाद धनबाद वासियों के लिए बेहतर चिकित्सकीय सेवा मिल पाएगी। यहां के लोगों को सुपर स्पेशयलिटी सेवा के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां पर ट्रामा सेंटर, कैंसर, हृदय रोग, मस्तिष्क रोग सहित कई विशेष चिकित्सकीय सेवाएं मिल पाएंगे।
खाली कराया जाएगा ओड़िया पट्टी : सुपर स्पेशल भवन के पास एक एकड़ में बसे ओड़ियापट्टी को भी खाली कराया जाएगा। इन लोगों को दूसरे जगह स्थापित किया जाएगा। डॉ सिन्हा ने बताया कि यह सभी लोग अस्पताल की जमीन पर हैं। इसे खाली कराना जरूरी है। पिछले दिनों बस्ती के एक तीन वर्षीय कार्तिक मंडल अस्पताल के बन रहे गड्ढे में गिर गया था। जिससे मासूम की मौत हो गई थी। इस पर काफी हंगामा हुआ था।
