धनबाद-कोल्हापुर दीक्षाभूमि एक्सप्रेस में सांपों का जखीरा, दहशत में गुजरा यात्रियों का सफर
Snakes on Dhanbad-Kolhapur Expressः धनबाद-कोल्हापुर दीक्षाभूमि एक्सप्रेस में कुछ लोग 15-20 सांपों के साथ चढ़ गए, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

दीक्षाभूमि एक्सप्रेस में कुछ लोगों के 15-20 सांपों के साथ चढ़ने से दहशत में रहे यात्री। (एआइ फोटो)
HighLights
दीक्षाभूमि एक्सप्रेस में 15-20 सांपों के साथ लोग चढ़े।
यात्रियों में दहशत, टीटीई पर कार्रवाई न करने का आरोप।
अफरा-तफरी में महिला यात्री का पर्स चोरी, 1.57 लाख का नुकसान।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कहीं एक सांप दिख जाए तो लोग भाग खड़े होते हैं। जरा सोचिए, अगर आप ट्रेन में है और सांपों का झुंड आ जाए तो क्या परिस्थिति होगी। ऐसी ही परिस्थिति झेलनी पड़ी धनबाद से कोल्हापुर जानेवाले दीक्षाभूमि एक्सप्रेस के यात्रियों को। कुछ लोग 15-20 सांपों के साथ ट्रेन पर सवार हो गये और यात्रियों को खूब डराया।

शिकायत के अनुसार आन ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ को जानकारी देने के बाद उसने समाधान के बजाय सांप को हाथ में लपेट लिया। महाराष्ट्र के सांगली जिले के मिराज शहर का छह सदस्यीय परिवार पारसनाथ मंदिर दर्शन कर लौट रहा था। धनबाद- कोल्हापुर दीक्षाभूमि एक्सप्रेस में पारसनाथ स्टेशन पर सवार हुए थे।
सभी यात्री स्लीपर के एस-7 में 16, 42, 43, 44, 45 व 46 नंबर बर्थ पर बैठे थे। अचानक कुछ लोग 15-20 सापों के साथ सवार हो गये और यात्रियों के साथ बदमाशी की। सांपों का झुंड देख यात्रियों का कलेजा कांप गया। उन्हें डर के साये में सफर करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- मैथन में सात कोबरा के बीच सो रहे थे होमगार्ड जवान, बदन पर चढ़े तो सामने दिखी मौत; सीआईएसएफ जवान ने किया रेस्क्यू
यात्रियों का कहना है कि शिकायत करने पर कोई असर नहीं हुआ। उल्टा टीटीई ने हाथ में ही सांप लपेट लिया। इस बीच मौका पाकर सांपों के साथ सवार लोग किसी स्टेशन पर उतर गये। वहीं, जानकारों का कहना है कि ट्रेन में कुछ सपरे चढ़े थे। उन्होंने सांपों को निकाल कर बोगी में छोड़ दिए। सांप दिखाकर पैसे मांग रहे थे। सांपों को देखकर यात्री डर गए।
रेल मदद में की गई शिकायत
घटना सात जुलाई की है। रेल मदद पर गुरुवार को इसकी शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया है कि उनके रिश्तेदार के पारसनाथ से लौटने के दौरान घटना घटी। उन्होंने सवाल भी उठाया कि आखिर यह सब कब तक होता रहेगा।
इधर चोरों ने खिड़की से उड़ाया गहने, मोबाइल व नगद वाला लेडीज पर्स
ट्रेन में सांप को लेकर मची आपाधापी का फायदा चोरों ने उड़ाया। खिड़की से एक महिला यात्री का पर्स खींच लिया। पर्स में मोबाइल, गहने और नगद थे। भुक्तभोगी प्रतीक पाटिल ने बताया है कि कुल एक लाख 57 हजार का नुकसान हुआ है। मामले की शिकायत जबलपुर रेल थाने में की गई है।
