सीता सोरेन पर पिस्टल तानने के मामले में धनबाद कोर्ट में गवाहों के बयान दर्ज, पूर्व पीए देवाशीष की मुश्किलें बढ़ीं
Jharkhand Politics: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन पर पिस्टल तानने के मामले में पूर्व पीए देवाशीष घोष की सुनवाई धनबाद अदालत में हुई।

सीता सोरेन और देवाषीष घोष। (फाइल फोटो)
HighLights
पूर्व पीए देवाशीष घोष के मामले की सुनवाई अदालत में हुई।
गवाहों नकुलचन्द्र मिश्रा और अर्जुन कुशवाहा के बयान दर्ज।
तकनीकी कारणों से अर्जुन कुशवाहा का प्रति परीक्षण अधूरा रहा।
जागरण संवाददाता,धनबाद। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी पूर्व विधायक सीता सोरेन पर पिस्टल तान देने के मामले में आरोपी उनके पूर्व पीए देवाशीष घोष के खिलाफ सोमवार को धनबाद कोर्ट में सुनवाई हुई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनीष की अदालत में गवाह नकुलचन्द्र मिश्रा एवं अर्जुन कुशवाहा का बयान दर्ज किया गया।
बयान का प्रति परीक्षण अधिवक्ता केके तिवारी ने किया। हालांकि, तकनीकी वजहों से अर्जुन कुशवाहा का प्रति परीक्षण पूरा नहीं हो सका। अदालत ने अभियोजन को गवाह पेश करने का निर्देश दिया है।
सीता सोरेन ने रांची के लोअर हटिया मधुबन अपार्टमेंट निवासी पीए देवाशीष घोष के खिलाफ सात मार्च 2025 को धनबाद के सरायढेला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में आरोप था कि वह 7 मार्च 25 की रात एक शादी समारोह में कतरास पहुंची थीं।
समारोह में शिरकत के बाद अल्प विश्राम के लिए सरायढेला थाना क्षेत्र के एक होटल में पहुंचीं। वहां सीता सोरेन अपने कार्यकर्ताओं और पीए के साथ विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा और हिसाब कर रही थीं। उसी दौरान रांची के लोअर हटिया मधुबन अपार्टमेंट निवासी उनके पीए देवाशीष ने उनपर पिस्टल तान दी। हालांकि उनकी सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवानों ने देवाशीष को पकड़ लिया।
रात करीब 12 बजे सरायढेला पुलिस होटल पहुंची। देवाशीष के पास से एक देसी पिस्टल, एक एयर गन, एक मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, एक आईफोन और एक फोन जब्त किया था।
