Jharkhand Vidhan Sabha Election 2019 : धनबाद जिले के सभी 6 विधानसभा सीटों पर होगा भाजपा का कब्जा - सिग्रीवाल
महाराजगंज से भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि आजसू से गंठबंधन टूटने का भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पार्टी धनबाद जिले की सभी छह सीटें जीतेगी।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Vidhan Sabha Election 2019 महाराजगंज सांसद एवं धनबाद लोकसभा क्षेत्र के चुनाव प्रभारी जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि भाजपा इस बार 65 का आंकड़ा पार करेगी। गठबंधन टूटने से भी उसका असर कुछ नहीं पड़ने वाला है। आजसू का कोई असर नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने दम पर धनबाद जिले की सभी छह सीटें जीतेगी।
जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी जोश है। वह तमाम विरोधों के बावजूद पूरी ईमानदारी के साथ क्षेत्र में काम कर रहे हैं। सिग्रीवाल ने कहा कि भाजपा ने जो कहा वह करके दिखा दिया। चाहे वह अनुच्छेद-370 हो या राम मंदिर। आज एक देश, एक निशान, एक विधान और एक प्रधान के तहत काम किया जा रहा है। जो मजबूत नेतृत्व को दर्शाता है।
महाराजगंज सांसद ने रघुवर सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार ने पिछले पांच साल में बेहतर काम किया है। इस दौरान झारखंड में विकास की गति देखने को मिली। चाहे वह वृद्ध पेंशन हो, दिव्यांगों के लिए पेंशन, घर-घर बिजली पहुंचाने का मामला हो, आयुष्मान योजना, किसानों को लिए योजना हो। सभी को इसका लाभ मिल रहा है। इसका परिणाम लोकसभा चुनाव में भी दिखा।
सिंह ने कहा कि मतदाता विश्वास पर मत देते हैं। इस दौरान धनबाद के विधायक व प्रत्याशी राज सिन्हा, झरिया प्रत्याशी रागनी सिंह, सिंदरी प्रत्याशी इंद्रजीत महतो, निरसा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, हरि प्रकाश लाटा आदि मौजूद थे।