यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
DMC: दो करोड़ के बनियाहीर वेंडिंग मार्केट में दुकानदारों की दिलचस्पी नहीं; दुकानें 232, आवेदन आए सिर्फ सात
धनबाद नगर निगम का तर्क है कि त्योहार नजदीक होने की वजह से दुकानदारों ने दिलचस्पी नहीं ली लेकिन त्योहार ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद नगर निगम क्षेत्र के फुटपाथ दुकानदारों को आशियाना देने के लिए नगर निगम तीन वेंडिंग मार्केट बना रहा है। झरिया के वार्ड 37 के बनियाहीर में वेंडिंग मार्केट बनकर तैयार हो चुका है। विडंबना देखिए, अभी तक यहां दुकान लेने में मात्र सात लोगों ने ही दिलचस्पी दिखाई। जबकि दुकान आवंटन के लिए नगर निगम की ओर से आठ अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक आवेदन मांगा गया था। इस दौरान सात फुटपाथ दुकानदारों ने ही आवेदन किया।
धनबाद नगर निगम का तर्क
नगर निगम का तर्क है कि त्योहार नजदीक होने की वजह से दुकानदारों ने दिलचस्पी नहीं ली, लेकिन त्योहार बाद पूरा वेंडिंग मार्केट भर जाएगा। बनियाहीर में 1100 वर्गमीटर एरिया में मार्केट बनाया गया है। इसमें 232 दुकानें हैं। इतने ही फुटपाथ दुकानदारों को यहां बसाने का लक्ष्य रखा गया है। इस वेंडिंग मार्केट पर एक करोड़ 98 लाख रुपये खर्च किया गया है। मार्केट और यहां बने शौचालयों की सुरक्षा के लिए गार्ड रूम भी बना है। नगर निगम ने उम्मीद जताई है कि सर्वेक्षण में चिह्नित सभी फुटपाथ विक्रेता वेंडिंग मार्केट में स्थल आवंटन करा दें। अब देखना यह है कि त्योहार बाद फुटपाथ दुकानदार कितनी दिलचस्पी लेते हैं।
अनिश्चतकालीन के लिए बढ़ाई आवेदन तिथि
नगर निगम ने तिथि खत्म होने के बाद भी आवेदन करने की छूट दे दी है। आवेदन का प्रारूप भी जारी कर दिया है। इसमें पथ विक्रेता का नाम, पति या पिता का नाम, वर्तमान पता, स्थाई पता, मोबाइल नंबर, विक्रय स्थल, विक्रय सामग्री, वार्ड नंबर और आधार नंबर का जिक्र करना अनिवार्य है। इसके साथ ही सभी फुटपाथ विक्रेता एक स्वघोषणा पत्र भी देंगे। इसमें इस बात का जिक्र होगा कि बनियाहीर झरिया वार्ड संख्या 37 के वेंडिंग मार्केट में स्थल आवंटित होने के बाद सात दिनों के अंदर दुकान लगाना सुनिश्चित करेंगे। यह दुकान किसी अन्य को हस्तांतरित या किराए पर नहीं देंगे। इसके साथ ही नगर निकाय के किसी अन्य क्षेत्र में बिक्री नहीं करेंगे। नगर निगम के पांचों अंचल धनबाद, छाताटांड़, सिंदरी, कतरास और झरिया में 6863 फुटपाथ दुकानदार हैं। इन्हें सड़क से हटाकर वेंडिंग मार्केट में बसाया जाएगा। अतिक्रमण दूर करना और साफ-सफाई रखना मुख्य उद्देश्य है। नगर निगम झरिया के साथ-साथ हीरापुर और कतरास में भी वेंडिंग जोन बना रहा है।
