Dhanbad Jail से तड़ीपार होंगे पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड के पांच शूटर, जानिए इनके खतरनाक इरादे
विशेष शाखा ने सरकार को रिपोर्ट सौंपी है कि अमन सिंह व अन्य आरोपित धनबाद जेल से किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर जेल आइजी ने धनबाद जेल अधीक्षक को निर्देश दिया था कि इन्हें दूसरे जेल में शिफ्ट किया जाए।
धनबाद, जेएनएन। पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के आरोपित अमन सिंह समेत पांच शूटरों को धनबाद से दूसरे जेल में शिफ्ट किया जाएगा। जेल प्रशासन के आवेदन पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार दुबे की अदालत ने इसकी अनुमति दे दी। एक दो दिनों में पांचों शूटरों को रांची के होटवार समेत झारखंड के जमशेदपुर, पलामू, दुमका और हजारीबाग जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
कोर्ट ने आपत्ति को किया नजरअंदाज
आरोपित अमन सिंह एवं पंकज सिंह की ओर से शुक्रवार को अदालत में अधिवक्ता ने आवेदन दायर कर इसका विरोध किया। पांचों आरोपितों की ओर से भी बचाव पक्ष ने बंदी आवेदन पत्र भेज कर दूसरे जेल में नहीं भेजने का आग्रह किया। आवेदन में कहा गया कि पूर्व में भी उन्हें दूसरे जेल में शिफ्ट किया गया था, पर उच्च न्यायालय के आदेश पर उन्हें वापस धनबाद जेल ले आया गया था। अभी उनकी सुनवाई लंबित है। वे अपने अधिवक्ता से संपर्क नहीं कर पाएंगे। इसलिए उन्हें दूसरे जेल में नहीं भेजा जा सकता है। दूसरी जेल में उनकी जान को भी खतरा हो सकता है। अदालत ने इन सभी आपत्तियों को खारिज कर दिया।
प्रशासन को किसी बड़ी आपराधिक घटना का साजिश की मिली सूचना
दरअसल, विशेष शाखा ने सरकार को रिपोर्ट सौंपी है कि अमन सिंह व अन्य आरोपित धनबाद जेल से किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर जेल आइजी ने धनबाद जेल अधीक्षक को निर्देश दिया था कि इन्हें दूसरे जेल में शिफ्ट किया जाए। अमन सिंह का कुछ दिनों पहले जेल के अंदर बाघमारा के विधायक ढलू महतो से टकराव हुआ था। इसी तरह भाजपा नेता सतीश सिंह हत्याकांड में भी अमन सिंह का नाम उछल चुका है।
यहां भेजे जाएंगे
धनबाद जेल के अधीक्षक अजय कुमार के मुताबिक अमन सिंह को रांची के होटवार जेल, शिबू उर्फ सागर को जमशेदपुर के घाघीडीह जेल, सोनू उर्फ कुर्बान को मेदिनीनगर जेल, सतीश उर्फ रोहित उर्फ चंदन को दुमका जेल एवं पंकज सिंह को हजारीबाग सेंट्रल जेल भेजा जाएगा।