झरिया में दो हजार और पांच साै के नोट फेंके जाने से सनसनी, जांच के बाद जाली बता पुलिस ने जलाया Dhanbad News
सोशल मीडिया में यह अफवाह चल रही है कि कोरोना फैलाने के लिए थूक लगाकर नोट फेंके जा रहे हैं। इसी कारण सड़क पर नोट को देख लोग डर गए। आसपास के लोग जमा हो गए।
झरिया, जेएनएन। झरिया के ऐना में शुक्रवार की रात थोड़ी देर के लिए दहशत के साथ सनसनी फैल गई। शरारती तत्व भगतडीह एना कोलियरी के एना प्राथमिक विद्यालय के बगल में कन्हाई साव के घर के पास दो हजार और पांच साै के नोट छोड़ कर निकल गए। सड़क पर नोट देख लोग डर गए। इसे कोरोना वायरस फैलाने के कृत्य के रूप में देखा गया। तुंरत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर नोट को उठाया। जांच के बाद नोट जला दिया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
दरअसल, सोशल मीडिया में यह अफवाह चल रही है कि कोरोना फैलाने के लिए थूक लगाकर नोट फेंके जा रहे हैं। नोट उठाने वाले को कोरोना होगा। इसी कारण सड़क पर नोट को देख लोग डर गए। आसपास के लोग जमा हो गए। तरह-तरह की चर्चा होने लगी। सूचना मिलते ही झरिया पुलिस पहुंची। पुलिस गस्ती दल ने चालक से नोट को उठवाया। जांच के बाद कहा गया कि नोट जाली है। इसके बाद नोट जला दिया गया। पुलिस की जांच के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।