Move to Jagran APP

सर्व धर्म सामूहिक विवाह : नव जीवन के धागे में बंधे 109 जोड़े, पूरे धनबाद ने दिया आशीर्वाद Dhanbad News

Sarva Dharma Mass Marriages शहर के 109 जोड़ें नए जीवन के परिणय सूत्र में बंध गए। इसमें 96 जोड़ा हिंदू छ इसाई पांच मुस्लिम और दो जोड़े सिख धर्म के थे।

By Sagar SinghEdited By: Published: Wed, 15 Jan 2020 05:53 PM (IST)Updated: Wed, 15 Jan 2020 07:19 PM (IST)
सर्व धर्म सामूहिक विवाह : नव जीवन के धागे में बंधे 109 जोड़े, पूरे धनबाद ने दिया आशीर्वाद Dhanbad News
सर्व धर्म सामूहिक विवाह : नव जीवन के धागे में बंधे 109 जोड़े, पूरे धनबाद ने दिया आशीर्वाद Dhanbad News

धनबाद, जेएनएन। Sarva Dharma Mass Marriages सर्व धर्म सामूहिक विवाह सभा के तहत बुधवार को शहर के गोल्फ मैदान में 109 जोड़ें नए जीवन के परिणय सूत्र में बंध गए। इन्हें आशीर्वाद देने के लिए पूरा धनबाद उमड़ पड़ा था। बैंड, बाजा के साथ पूरे धूमधाम से बरात निकाली गई तथा धार्मिक रीति रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया। इसमें 96 जोड़ा हिंदू, छ: इसाई, पांच मुस्लिम और दो जोड़े सिख धर्म के थे। 

loksabha election banner

सर्व धर्म सामूहिक विवाह समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कोयलांचल का हर तबका और समुदाय ने अपनी भागीदारी निभाई। नए जोड़े को सभी ने अपनी तरीकों से उपहार भी दिया। कार्यक्रम आरंभ होने के बाद इलेक्ट्रानिक तीन पहिया वाहन पर दूल्हों की बारात निकली, वहीं दुल्हन का साज श्रृंगार किया गया। आम जन बाराती बने और गायत्री परिवार के लोग पंडित। वहीं सिख, इसाई व मुस्लिम समुदाय के लिए पादरी, मौलवी और आनंद कारज ने विधि विधान से सारे वैवाहिक कार्य संपन्न कराए।

गीत-संगीत का भी चला दौर : हर विवाह की तरह इस सर्व धर्म सामूहिक विवाह में भी बारातियों एवं लोगों के मनोरंजन के लिए आरकेस्ट्रा की व्यवस्था की गई थी। गायक और साजों पर संगत कर रहे म्यूजिशियन ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। फिल्मी से लेकर लोक प्रचलित वैवाहिक गीतों से समा बांध दिया। इसके अलावा बच्चियों ने नृत्य तो युवकों ने दहेज प्रथा के खिलाफ नाटक पेश किया। कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित हुए।

वर-वधु को पौधा उपहार देकर पर्यावरण रक्षा का दिया संदेश : मौके पर सांसद पीएन सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, पूर्व बियाडा अध्यक्ष बिजय कुमार झा, मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, उपायुक्त अमित कुमार समेत जिले के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित होकर वर-वधू को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया। विधायक मथुरा प्रसाद ने वर वधु को पौधा उपहार देकर पर्यावरण रक्षा का भी संदेश दिया।  

56 टोटो से निकाली बारात : 109 दूल्हों की बारात इलेक्ट्रॉनिक वाहन टोटो से निकाली गई। बारात की शुरुआत गोल्फ मैदान से हुई। डीजे, बैंड बाजे और बारातियों के साथ निकली यह बारात पार्क मार्केट चौक से रणधीर वर्मा चौक होते हुए पुन: गोल्फ ग्राउंड पहुंची। बारात के यहां पहुंचने पर आयोजन समिति के द्वारा स्वागत किया गया और फिर सभी को मंच पर ले जाया गया। यहां दुल्हन पहले से मौजूद थीं। दूल्हों के आने के बाद वरमाला की रस्म अदा की गई। तत्पश्चात शहर के गणमान्य लोगों ने सभी को आशीर्वाद दिया। इससे पूर्व बारात के नगर भ्रमण के दौरान डीजे और बैंड की धुन पर युवक जमकर थिरके। सभी दुल्हे पीला कुर्ता और पायजामा पहने हुए थे, जबकि दुल्हनें लाल साड़ी और चुनरी में खिल रही थीं। दुल्हनों को सजाने का काम समिति की महिलाओं एवं युवतियों ने किया। 

विदाई के बेला में सभी की आंखे हुईं नम :  विधि विधान से संपन्न हुई शादी समारोह के बाद संध्या बेला में विदाई के समय मौजूद सभी लोगों की आंखे नम हो गई थीं। बेटियों की विदाई के दौरान पूरा माहौल भावपूर्ण हो गया था। समिति की ओर से सभी को उपहार स्वरूप सामान दिया गया। 

छ: सालों से हो रहा आयोजन : समिति अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा सफलता पूर्वक होने वाला यह आयोजन ईश्वरीय कृपा की देन है। लोगों को एक बेटी की शादी कराने में दिक्कतें आती हैं, लेकिन यहां 109 बेटियों का सामूहिक विवाह हो रहा है। इसमें धनबाद के तमाम समाजिक संगठनों की महत्वपुर्ण भूमिका रही है। सर्व धर्म सामूहिक विवाह समिति की तरफ से छ: सालों से ये आयोजन किया जा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.