धनबाद जेल में बेचैनी और चिंता के कारण सो नहीं पा रहे झरिया विधायक संजीव सिंह
कांग्रेस नेता नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या में आरोपित झरिया विधायक संजीव सिंह जेल में बीमार हैं।
जागरण संवाददाता, धनबाद: कांग्रेस नेता नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या में आरोपित झरिया विधायक संजीव सिंह जेल में बीमार हैं। वे अनिद्रा, चिंता और बेचैनी की समस्या का सामना कर रहे हैं। विधायक के कहने पर जेल प्रबंधन ने बुधवार को उनकी पीएमसीएच के न्यूरो फिजीशियन से जांच कराई।
उन्होंने विधायक को इन समस्याओं से बचाने के लिए कई दवा उपलब्ध कराने की सिफारिश जेल प्रबंधन से की है। जेल प्रबंधन ने डॉक्टर की सिफारिश पर विधायक को सारी दवाएं उपलब्ध करा दी है।
झरिया विधायक संजीव सिंह करीब एक साल से नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या मामले में जेल में बंद हैं। हत्याकांड में उन्हें और उनके कई करीबियों को नामजद आरोपित बनाया गया है। मामले में आत्मसमर्पण करने के बाद विधायक को न्यायिक हिरासत में पहले धनबाद जेल में रखा गया और फिर सुरक्षा कारणों से उन्हें रांची जेल भेज दिया गया। इधर फिर कोर्ट के निर्देश पर कुछ दिन पहले विधायक को धनबाद जेल शिफ्ट किया गया है। यहां लाए जाने के बाद उन्होंने कारा के अधिकारियों से बेचैनी, चिंता और अनिद्रा की शिकायत की। दरअसल रांची जेल में रहने के दौरान उन्हें इन समस्याओं से बचाव की दवा दी जाती थी। तब रिनपास के विशेषज्ञ चिकित्सक वहां विधायक का इलाज कर रहे थे, लेकिन धनबाद शिफ्ट होने के बाद वे दवाएं समाप्त हो गई। इसके बाद विधायक ने उन दवाओं की मांग की, लेकिन कारा प्रशासन ने दवाएं देने के पहले उनकी जांच यहां भी विशेषज्ञ से कराने का फैसला लिया। इसके बाद पीएमसीएच से न्यूरो विशेषज्ञ बुलाकर उनकी जांच कराई गई। चिकित्सक ने जेल जाकर विधायक की जांच की। सूत्रों के अनुसार, इसमें विधायक की शिकायत सही पाते हुए उन्हें इन समस्याओं से बचाव की दवा देने की सिफारिश की गई है।