धनबाद, जेएनएन : कोरोना संक्रमण के दायरे में आ रहे पुराना बाजार में रविवार की सुबह नगर निगम की ओर से सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू किया गया है। पुराना बाजार पानी टंकी से लेकर रेलवे फाटक और अंदर के बाजारों में सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया। सुबह से ही नगर निगम का एक टैंकर वाहन को इस कार्य में लगाया गया था, हालांकि अब भी मोहल्लों और वार्डों में सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू नहीं हो पाया है।


लगातार चल रहा सैनिटाइजेशन का कार्य : नगर निगम की मानें तो बाजारों को सैनिटाइज्ड कराने के लिए टैंकर के अलावा कर्मचारियों को भी लगाया गया है। सभी जगहों के बाजारों में यह कार्य संचालित हो रहा है। पुराना बाजार में भीड़ की स्थिति को देखते हुए सैनिटाइजेशन शुरू कराया गया। इधर पुराना बाजार चैंबर ऑफ कॉमर्स की मानें तो इस इलाके में ऐसी कोई गंभीर स्थिति सामने नहीं आयी है। हालांकि सतर्कता के तौर पर यह जरुरी भी है। बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रभात सुरोलिया ने कहा कि केवल सड़क पर ही नहीं बल्कि आवासीय इलाके में भी सैनिटाइजेशन का कार्य किया जाना चाहिए।


वार्डों में नहीं हो रहा सैनिटाइजेशन : वार्डों की बात करें तो यहां भी सैनिटाइजेशन कार्य शुरू नहीं हो पाया है। विशेष कर केंदुआ और पुटकी के इलाकों में केवल सड़क के दोनों और सैनिटाइजर का छिड़काव किया जा रहा है। आम लोगों की मानें तो गली और मोहल्लों में भी सैनिटाइजेशन की आवश्यकता है। लोगों की इस मांग पर पूर्व वार्ड पार्षद हाथ खड़े कर चुके हैं।